Chardham Yatra 2024| चारधाम यात्रा प्रारंभ, केदारनाथ-यमुनोत्री धाम के कपाट शुभ मुहूर्त में खुले

By रितिका कमठान | May 10, 2024

शिवभक्तों का इंतजार खत्म हो चुका है। छह महीने के लंबे इंतजार के बाद केदारनाथ धाम के कपाट शुक्रवार को अक्षय तृतीया के पर्व पर खुल गए है। अब केदारनाथ धाम में श्रद्धालु जाकर दर्शन कर सकते है। केदारनाथ धाम के अलावा आज ही के दिन गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट भी खुले है। गंगोत्री के कपाट सुबह 10 बजकर 29 मिनट पर खुले। वहीं यमुनोत्री धाम के कपाट दोपहर 12.25 मिनट पर खुलेंगे।

 

इसी के साथ इस वर्ष की चारधाम यात्रा आरंभ हो गई। केदारनाथ के कपाट सुबह सात बजे खुले और इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी अपनी पत्नी गीता के साथ केदारनाथ में द्वार खोले जाने की प्रक्रिया के साक्षी बने। बम-बम भोले और बाबा केदार की जय के उद्घोष के साथ प्रात: सात बजे विधि विधान से विशेष पूजा अर्चना के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच केदारनाथ मंदिर का मुख्य द्वार श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया। 

 

इस अवसर पर सेना के ग्रेनेडियर रेजीमेंट के बैंड की भक्तिमय धुनों के साथ मंदिर परिसर में मौजूद करीब दस हजार श्रद्धालु भक्ति भाव में डूब गए। कुछ श्रद्धालु परिसर में डमरू के साथ नृत्य करते दिखाई दिए। मंदिर को 20 क्विंटल फूलों से सजाया गया है। कपाट खुलते समय तीर्थयात्रियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा भी की गयी। वहीं उत्तरकाशी जिले में स्थित यमुनोत्री धाम के कपाट भी सात बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इस दौरान परिसर में हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे जो मां यमुना की जय का उद्घोष कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं को बधाई दी और देश एवं प्रदेश की खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार तीर्थयात्रियों को अच्छी सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है और इस बार चारधाम यात्रा नया कीर्तिमान बनाएगी। गंगोत्री धाम के कपाट दोपहर बाद खुलेंगे जबकि चारधामों में शामिल बदरीनाथ के द्वार रविवार को खुलेंगे।

 

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया है। इस अलर्ट में उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा में हल्की बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। ऐसे में कुछ इलाकों में यात्रा पर बारिश का हल्का असर देखने को मिल सकता है।

प्रमुख खबरें

केजरीवाल जैसा यू-टर्न लेने वाला आदमी नहीं देखा, Delhi में बोले Amit Shah, भारत से ज्यादा राहुल के पाकिस्तान में समर्थक

इब्राहिम रईसी के निधन पर भारत ने किया 1 दिन के राजकीय शोक का ऐलान, जयशंकर ने कहा ईरान के साथ खड़ा है देश

New Delhi Lok Sabha Seat: बांसुरी स्वराज के लिए जेपी नड्डा ने किया रोडशो, केजरीवाल पर जमकर साधा निशाना

पंजाब-हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर खत्म होगा रेल रोको आंदोलन, रेलवे ट्रैक को खाली करेंगे किसान