DC vs MI IPL 2024: मुंबई इंडियंस की एक और हार, दिल्ली कैपिटल्स ने 10 रन से दी मात

By Kusum | Apr 27, 2024

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2024 मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 10 रन से हरा दिया है। इसके साथ ही मुंबई के पाले में एक और हार दर्ज हो गई है। वहीं दिल्ली ने प्लेऑफ की दौड़ के लिए अपना दावा मजबूत कर लिया है। इस मैच में DC ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 257 रन बनाए, जिसके जवाब में मुंबई 247 रन ही बना सकी।  इस दौरान दिल्ली के जैक फ्रेसर मैकगुर्क की 27 गेंद में 84 रन की आतिशी पारी खेली।

 

पिछले पांच मैचो में चौथी जीत के बाद दिल्ली अंकतालिका में दस मैचों में दस अंक के साथ पांचवें स्थान पर है जबकि मुंबई इंडियंस नौ मैचों में छह अंक लेकर नौवे स्थान पर है। दिल्ली को ऑस्ट्रेलिया के 22 वर्ष के बल्लेबाज मैकगुर्क ने बेहतरीन शुरूआत दी और पहले विकेट के लिये अभिषेक पोरेल के साथ 44 गेंद में 114 रन जोड़े। उन्होंने आईपीएल में इस सत्र में सबसे तेज अर्धशतक के अपने ही रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए सिर्फ 15 गेंद में पचासा जड़ा।

 

वहीं ट्रिस्टन स्टब्स ने आखिरी ओवरों में ताबड़तोड़ पारी खेलते हुए सिर्फ 25 गेंद में नाबाद 48 रन बनाये जिसमें ल्यूक वुड को 18वें ओवर में जड़े पांच चौके और एक छक्का शामिल था। उन्होंने अपनी पारी में छह चौके और दो छक्के लगाये। 

 

हालांकि,  मुंबई की शुरूआत दिल्ली की तरह आक्रामक नहीं रही। ईशान किशन ने दूसरे ओवर में खलील अहमद को तीन चौके जड़कर हाथ खोलने शुरू किये थे लेकिन चौथे ओवर में ही मुंबई को रोहित शर्मा के विकेट के रूप में करारा झटका लगा। आठ गेंद में आठ रन बनाकर रोहित को खलील ने शाई होप के हाथों लपकवाया। अगले ओवर में सूर्यकुमार यादव ने मुकेश कुमार को दो चौके लगाये लेकिन ईशान (14 गेंद में 20 रन) इसी ओवर में अक्षर पटेल को कैच दे बैठे।

 

खलील के अगले ओवर में छक्का और चौका जड़ने वाले सूर्य अच्छी शुरूआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके और 13 गेंद में 26 रन बनाकर लिजाड विलियम्स को कैच देकर लौटे। मुंबई के कप्तान हार्दिक पंड्या ने जरूर कुछ अच्छे स्ट्रोक्स लगाये लेकिन जब टीम को उनसे कप्तानी पारी की जरूरत थी , वह क्रीज पर जमने के बाद अपना विकेट गंवा बैठे।

 

इंपैक्ट खिलाड़ी रसिख सलाम ने 13वें ओवर में मुंबई को दोहरे झटके देकर उसकी उम्मीदों पर लगभग पानी फेर दिया। पहले हार्दिक (24 गेंद में 46 रन, चार चौके , तीन छक्के) ने प्वाइंट पर मुकेश को कैच दिया और फिर निहाल वढेरा ने विकेट के पीछे पंत को कैच थमाया। इस समय मुंबई को 43 गेंद में 118 रन की जरूरत थी और उसके पांच विकेट की बाकी थे। तिलक वर्मा ने अकेले किला लड़ाते हुए 32 गेंद में चार चौकों और चार छक्कों की मदद से 63 रन बनाये। वह आखिरी ओवर में रन आउट हुए। दिल्ली के लिये रसिख ने चार ओवर में 34 रन देकर तीन विकेट लिये जबकि मुकेश को भी तीन और खलील को दो विकेट मिले। 

 

प्रमुख खबरें

Shah ने BJP और उसके छद्म सहयोगियों को नेशनल कॉन्फ्रेंस को हराने का निर्देश दिया: Omar

विपक्षी दलों के नेताओं को जेल भेजने में Congress अव्वल : Chief Minister Mohan Yadav

Manoj Tiwari ने मुझ पर हमला कराया क्योंकि लोग अब उन्हें स्वीकार नहीं कर रहे हैं: Kanhaiya

Shakti Yojana से Metro को नुकसान होने संबंधी प्रधानमंत्री की टिप्पणी से हैरान हूं: Shivkumar