By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 16, 2025
नवी मुंबई के रबाले में 15 वर्षीय एक लड़की को आत्महत्या के लिए कथित तौर पर उकसाने के आरोप में बृहस्पतिवार को दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया। यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने दी।
अधिकारी ने बताया कि लड़की ने बुधवार को तलावलीगांव में आत्महत्या कर ली, जिसके बाद उसके पिता ने पुलिस से संपर्क किया। उन्होंने कहा, हमने सहायिका रेशमा गावंदे (42) और रियल एस्टेट एजेंट मयूरी नाइकवाड़ी (40) को गिरफ्तार किया है। वे घनसोली में एक ही इमारत में रहती हैं। हमारी जांच के अनुसार, पीड़िता और गावंदे की बेटी के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद दोनों को गावंदे के घर बुलाया गया, जहां दोनों आरोपियों ने पीड़िता के साथ दुर्व्यवहार किया और उसे थप्पड़ मारे।
अधिकारी ने बताया, लड़की घर वापस आई और उसने अपनी जान दे दी। हमने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 107(3) (किसी बच्चे या नासमझ व्यक्ति को आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आगे की जांच जारी है।