By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 15, 2020
सिडनी। ऑस्ट्रेलिया के स्पिनर एडम जंपा न्यू साउथ वेल्स से एक बार फिर जुड़ने के बाद प्रतिष्ठित ‘बैगी ग्रीन’ को पहनने का सपना देख रहे हैं। जंपा ने न्यू साउथ वेल्स में देश के मौजूदा शीर्ष स्पिनर नाथन लियोन के साथ खेलते हुए अपने कौशल को निखारा था। आगामी सत्र के लिए न्यू साउथ वेल्स में साथ अनुबंध करने वाले 28 साल के जंपा को अधिक प्रथम श्रेणी मैचों में मौका मिलने की उम्मीद है क्योंकि लियोन के अधिकांश समय टेस्ट टीम के साथ रहने की संभावना है। ‘क्रिकेट.कॉम.एयू’ ने जंपा के हवाले से कहा, ‘‘अगर आप टेस्ट क्रिकेट को लक्ष्य नहीं बनाओगे तो आप बेवकूफ होंगे और तब भी आप बेवकूफ होंगे अगर यह स्वीकार नहीं करेंगे कि यह स्थान अभी नाथन का है और कम से कम अगले तीन या चार साल के लिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अगर आप देश में एक अन्य स्पिनर हैं तो आप सर्वश्रेष्ठ यह कर सकते हैं कि नाथन के साथ खेलने का प्रयास करें, यह बैगी ग्रीम हासिल करने का मेरे पास संभवत: सर्वश्रेष्ठ तरीका है।’’