By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 07, 2025
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू और राज्यपाल एस अब्दुल नजीर ने गोवा के एक नाइट क्लब में लगी आग में हुई जानमाल की हानि पर रविवार को शोक व्यक्त किया।
नायडू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा,‘‘उत्तरी गोवा के अरपोरा में हुई दुखद आग की घटना से बहुत दुखी हूं, जिसमें कई लोगों की जान चली गई। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’’
तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) प्रमुख ने कहा कि ऐसी घटनाएं ‘बेहद दुखद’ हैं। राज्यपाल नजीर ने भी इस हादसे को ‘हृदय विदारक’ बताते हुए कहा कि घटना से कई परिवारों को अपूरणीय क्षति हुई है।
उन्होंने ‘लोकभवन’ से जारी बयान में पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उत्तरी गोवा के एक नाइट क्लब में शनिवार आधी रात के बाद भीषण आग लग जाने से 25 लोगों की मौत हो गई और छह अन्य लोग घायल हो गए।