विकास के आंकड़ों में हेरफेर कर रही सरकारः दिग्विजय

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 12, 2016

हैदराबाद। वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने आज आरोप लगाया कि भाजपा नीत राजग सरकार अधिक जीडीपी दिखाने के लिए ‘‘आंकड़ों में हेरफेर’’ कर रही है। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि आर्थिक प्रगति जमीन पर नहीं दिख रही है। कांग्रेस महासचिव सिंह ने कहा, ‘‘जब से भाजपा सरकार आयी है, वे आंकड़ों में वैसे ही हेरफेर कर रहे हैं जैसे चीनी लोग कर रहे थे।’’ उनसे अमेरिकी विदेश विभाग की इस टिप्पणी के बारे में पूछा गया कि संभव है कि भारत की उच्च विकास दर ज्यादा बतायी गयी हो। इस पर उन्होंने कहा, ‘‘मैं पूरी तरह से सहमत हूं।’’

उन्होंने कहा कि यहां तक कि चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के भी कुछ नेताओं ने अपने देश में जीडीपी विकास को ‘‘बढ़ा-चढ़ाकर’’ पेश करने पर सवाल किए हैं। सिंह ने कहा कि राजग सरकार ने जीडीपी विकास निर्धारण के लिए आधार वर्ष में बदलाव किया, उन्होंने तरीका बदल दिया। उन्होंने कहा कि यहां तक कि मुख्य सांख्यिकीविद टीसीए अनंत जो इन आंकड़ों को तैयार करते हैं, ने खुद भी इस संबंध में टिप्पणी की है। सिंह ने दावा किया कि सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की उच्च विकास दर यथार्थ में परिलक्षित नहीं होती। उन्होंने कहा, ‘‘आप आज इस देश में किसी भी कारोबारी से बात कर लीजिए, सब लोग महसूस करते हैं कि कारोबार में तेजी नहीं आ रही है। बाजार में पैसा नहीं है।’’

उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था तब बढ़ सकती है जब मांग और कारोबार हो, लेकिन सोना, भूमि, घरेलू उपकरणों, वस्त्रों और दोपहिया वाहनों की मांग में तेजी नहीं आ रही है वहीं खाद्य मुद्रास्फीति बढ़ गयी है। सिंह ने कहा, ‘‘दाल की कीमत 150 रूपए प्रति किलोग्राम से ज्यादा है...गेहूं की कीमतें बढ़ गयी हैं, चीनी की कीमतें बढ़ गयी हैं, खाद्य तेल के दाम बढ़ गए हैं। इसलिए विकास कहां है? मुझे विकास नहीं दिखता।’’

प्रमुख खबरें

शाम की छोटी भूख के लिए बनाएं Healthy Fat से भरपूर ये टेस्टी Avocado Fries

अजित पवार केस पर मचेगा सियासी घमासान? Rohit Pawar की Rahul Gandhi से मुलाकात के क्या हैं मायने

MEA Briefing India: Iran को समझाने में Jaishankar रहे सफल, खाड़ी में भारतीयों की सुरक्षा के लिए मोदी लगा रहे पूरा जोर

WhatsApp, Facebook पर स्कैन से होगा बचाव, Meta ने लॉच किया स्कैम डिटेक्शन टूल