रामेश्वर डूडी जी का निधन कांग्रेस के लिए अपूरणीय क्षति : खरगे

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 05, 2025

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पार्टी की राजस्थान इकाई के वरिष्ठ नेता रामेश्वर डूडी के निधन पर शनिवार को दुख जताया और कहा कि यह पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है।

पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी डूडी के निधन पर दुख जताया और कहा कि किसानों और वंचितों के अधिकारों के लिए उनका संघर्ष हमेशा याद रखा जाएगा। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे रामेश्वर डूडी का लंबी बीमारी के बाद शनिवार को 62 वर्ष की आयु में बीकानेर में निधन हो गया।

डूडी अगस्त, 2023 में ‘मस्तिष्काघात’ के बाद, दो साल से अधिक समय से कोमा में थे। खरगे ने एक्स पर पोस्ट किया, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, राजस्थान विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व सांसद रामेश्वर डूडी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। ये कांग्रेस पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि डूडी ज़मीन से जुड़े नेता थे और अपना पूरा जीवन किसानों और जनता के कल्याण के लिए समर्पित कर दिया।

खरगे ने कहा, दुःख की इस घड़ी में उनके परिवार और समर्थकों को मेरी गहरी संवेदनाएं। राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया, राजस्थान विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष और पूर्व सांसद रामेश्वर डूडी जी के निधन की ख़बर सुनकर गहरा दुख हुआ।

विभिन्न पदों पर रहते हुए उन्होंने हमेशा जनसेवा को प्राथमिकता दी और जनता के साथ सीधे जुड़े रहे। किसानों और वंचितों के अधिकारों के लिए उनका संघर्ष हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा, इस कठिन समय में मैं उनके परिजनों और समर्थकों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।

प्रमुख खबरें

Goa Night Club Fire में 25 मौतों पर कांग्रेस का हंगामा, मुख्यमंत्री सावंत के इस्तीफे की मांग

CBSE Recruitment 2025: सीबीएसई ने ग्रुप A, B, C के विभिन्न पदों पर आवेदन शुरू किए, जानें आखिरी तारीख

Benin में तख्तापलट की कोशिश नाकाम, गृह मंत्री का ऐलान, राष्ट्रपति टैलोन सुरक्षित

Omar Abdullah की लाइफ सपोर्ट टिप्पणी पर बीजेपी का Rahul Gandhi पर हमला