अमिताभ ने पोलियो संबंधी प्रयासों की सराहना के लिए बिल गेट्स का जताया आभार

Amitabh Bachchan thanks Bill Gates for acknowledging his polio eradication efforts
[email protected] । May 8 2018 10:03AM

हिंदी सिनेमा के महानायक अमिताभ बच्चन ने भारत को पोलियो मुक्त बनाने में मदद की खातिर अपने योगदान की सराहना करने के लिए माइक्रोसॉफ्ट के सह संस्थापक बिल गेट्स का आभार जताया।

मुंबई। हिंदी सिनेमा के महानायक अमिताभ बच्चन ने भारत को पोलियो मुक्त बनाने में मदद की खातिर अपने योगदान की सराहना करने के लिए माइक्रोसॉफ्ट के सह संस्थापक बिल गेट्स का आभार जताया। उद्योगपति और परोपकार कार्यकर्ता गेट्स ने भारत में पोलियो उन्मूलन अभियान के लिए 2002 में यूनिसेफ का सद्भावना दूत बनाए गए 75 वर्षीय अभिनेता की सराहना की थी।

अमिताभ ने हाल में ब्रिटिश अखबार ‘द गार्डियन’ के लिए भारत में पोलियो उन्मूलन अभियान को लेकर एक लेख लिखा था। 62 वर्षीय गेट्स ने ट्विटर पर लेख का लिंक डालते हुए लिखा, ‘दुनिया के असली सुपरहीरो शायद ही कभी चर्चाओं में आते हैं। लेकिन जब ऐसा ना हो तो क्या? बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन ने एक शानदार लेख लिखा है।’ इसके जवाब में अभिनेता ने लिखा कि वह कार्यक्रम का चेहरा भर थे और प्रयासों के लिए जमीनी स्तर पर काम करने वाले अनगिनत लोग असल में चर्चाओं में आने के हकदार हैं। 

उन्होंने लिखा, ‘बिल गेट्स, इस सराहना के लिए आपका शुक्रिया। भारत को पोलियो मुक्त बनाने के लिए सबसे बड़ा पुरस्कार आम कर्मचारियों को जाता है। हमारे पास भले ही चेहरा और साधन हों लेकिन मुख्य काम कर्मचारी ही करते हैं। मैं उन्हें सलाम करता हूं।’ विश्व स्वास्थ्य संगठन ने 2014 में भारत को पोलियो मुक्त घोषित किया था।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़