वैश्विक उथल-पुथल के बाद एशिया के शेयर बाजारों की गिरावट पड़ी नरम

asian-stock-markets-stem-bleeding-left-behind-by-wall-street
[email protected] । Oct 12 2018 2:46PM

एशिया के प्रमुख शेयर बाजार में शुक्रवार को गिरावट रही लेकिन अमेरिका के ब्याज दर बढ़ाने की आशंका के बाद आई गिरावट की तुलना में यह कम रही। जापान और चीन के शेयर बाजारों में मामूली गिरावट जबकि छोटे बाजारों में सुधार देखा गया।

टोक्यो। एशिया के प्रमुख शेयर बाजार में शुक्रवार को गिरावट रही लेकिन अमेरिका के ब्याज दर बढ़ाने की आशंका के बाद आई गिरावट की तुलना में यह कम रही। जापान और चीन के शेयर बाजारों में मामूली गिरावट जबकि छोटे बाजारों में सुधार देखा गया। 

टोक्यो का निक्केई-225 सूचकांक एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट के साथ खुला हालांकि दोपहर तक के कारोबार में यह सुधार दर्ज करते हुये सिर्फ 0.07 प्रतिशत नीचे रहा। वहीं, चीन के शेयर बाजार भी मामूली गिरावट के साथ खुले। चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक 0.36 प्रतिशत गिरा। हालांकि, बाद के कारोबार के घंटे में इसमें सुधार आया।

चीन के शेयर बाजार में हाल के दिनों में भारी बिकवाली देखी गयी थी। चीन की ओर से जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, ट्रंप प्रशासन की ओर से भारी भरकम शुल्क लगाए जाने के बावजूद अमेरिका के साथ चीन का व्यापार अधिशेष सितंबर में बढ़कर 34.1 अरब डॉलर के नये रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। इससे दोनों देशों के बीच व्यापार मोर्चे पर जारी लड़ाई को और हवा मिलने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी सूचकांक करीब एक प्रतिशत ऊपर रहा। हांगकांग का हेंग सेंग और ऑस्ट्रेलिया तथा न्यूजीलैंड के शेयर बाजार में भी उछाल देखी गयी।

वहीं, भारतीय शेयर बाजार में भी आज मजबूत सुधार देखा गया। बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स सूचकांक शुरूआती कारोबार में 600 अंक से ज्यादा चढ़ा और निफ्टी करीब 175 अंक बढ़ा। चीन और अमेरिका के बीच व्यापार मोर्च पर तनाव बढ़ने की आशंकाओं और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दर बढ़ाने की चिंताओं के चलते पिछले दो दिन दुनिया भर के शेयर बाजारों में भारी उतार-चढ़ाव देखा गया।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अमेरिका के फेडरल रिजर्व की नीतिगत ब्याज दरों में बढ़ोत्तरी की योजना को ‘अति उत्साही कार्रवाई’ करार दिए जाना भी वैश्विक बिकवाली की वजह रही। इसके बाद अमेरिकी शेयर बाजारों में भारी गिरावट देखी गयी थी, जिसका असर वैश्विक बाजारों पर भी देखने को मिला। 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़