लोकसभा में उठा आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि का मुद्दा
कांग्रेस के एक सदस्य ने दाल, सब्जी एवं आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि के साथ कच्चे तेल के अंतरराष्ट्रीय मूल्य में गिरावट का लाभ देश में आम लोगों को नहीं मिलने के विषय को उठाया।
लोकसभा में कांग्रेस के एक सदस्य ने दाल, सब्जी एवं आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में जबर्दस्त वृद्धि के साथ कच्चे तेल के अंतरराष्ट्रीय मूल्य में गिरावट का लाभ देश में आम लोगों को नहीं मिलने के विषय को उठाया। शून्यकाल में कांग्रेस सदस्य केसी वेणुगोपाल ने कीमतों में वृद्धि के विषय को उठाते हुए कहा कि दाल, सब्जियों समेत आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में काफी वृद्धि हुई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें लम्बे समय से काफी कम हैं लेकिन आम लोगों को उसका फायदा नहीं मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि महंगाई और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि से सभी वर्ग के लोग परेशान हैं, उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वेणुगोपाल ने कहा कि ऐसी रिपोर्ट है कि त्योहार के समय इनकी कीमतें और अधिक बढ़ेंगी। आम लोगों में यह भावना बनी है कि सरकार कुछ नहीं कर रही है। 'यह अच्छे दिन नहीं हैं।' कांग्रेस नेता ने कहा कि ऐसी खबरें आई हैं कि आने वाले दिनों में अरहर की कीमत 300 रूपये प्रति किलो हो सकती है। कीमतों में वृद्धि के चलन को देखें तो पिछले तीन महीने में चने की कीमत में 40 प्रतिशत की वृद्धि, आलू की कीमत में 44 प्रतिशत की वृद्धि और टमाटर की कीमत में 132 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। वेणुगोपाल ने कहा, ''यह बहुत गंभीर स्थिति है।’’ उन्होंने इस विषय पर नियम 193 के तहत चर्चा कराने की भी मांग की।
अन्य न्यूज़