पश्चिम बंगाल में तीसरे चरण का मतदान

विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण का मतदान आज सुबह सात बजे शुरू हो गया। इस दौरान कानून और व्यवस्था बनाये रखने के लिए करीब एक लाख सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण का मतदान आज सुबह सात बजे शुरू हो गया। इस दौरान कानून और व्यवस्था बनाये रखने के लिए करीब एक लाख सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। इस चरण में कोलकाता के सात सीटों समेत कुल 62 विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतदान हो रहा है। मुर्शिदाबाद, नादिया, बर्दवान और उत्तर कोलकाता की कुल 62 सीटों पर हो रहे मतदान में 34 महिलाओं समेत 418 उम्मीदवार अपने भाग्य आजमा रहे हैं। इन क्षेत्रों में 1.37 करोड़ से अधिक मतदाता हैं, जिनमें 65.8 लाख महिलाएं भी शामिल हैं। कुल 16,461 मतदाता केंद्रों पर आज सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया जो शाम के छह बजे तक चलेगा।

इस चरण में तृणमूल कांग्रेस के मंत्री साधन पांडे और शशि पांजा, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव राहुल सिन्हा, पांच बार विधायक रह चुके कांग्रेस के मोहम्मद सोहराब, माकपा विधायक अनीसुर रहमान और सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी नजरूल इस्लाम अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। विधानसभा चुनाव के इस अहम चरण के लिए 75,000 केंद्रीय बलों समेत करीब एक लाख सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। चुनाव आयोग ने 3401 बस्तियों को संवेदनशील क्षेत्रों के रूप में चिन्हित किया है, जहां अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किये गये हैं। मतदाताओं की शिकायत पर 4094 उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई की गयी है।

दिन में कड़ी धूप से बचने के लिए कई मतदाता तड़के सुबह ही अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए तैयार दिखे। विपक्ष मुर्शिदाबाद पर विश्वास जता रहा है जो कांग्रेस का मजबूत गढ़ रहा है। शहर में विवेकानंद फ्लाईओवर के गिरने समेत नारद स्टिंग ऑपरेशन और सारदा चिटफंड घोटाला जैसे मुद्दे इस चुनाव में काफी अहम माने जा रहे हैं, जो सत्तारुढ़ तृणमूल कांग्रेस के लिए परेशानी का सबब बन सकते हैं। राज्य में इसके बाद तीन और चरणों के मतदान होने हैं। राज्य में अंतिम चरण का मतदान पांच मई को होगा।

Disclaimer:प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


अन्य न्यूज़