''हॉफ गर्लफ्रेंड'' में दर्शकों को मिलेगा हॉफ मनोरंजन

प्रीटी । May 22 2017 4:13PM

फिल्म चेतन भगत की किताब ''हाफ गर्लफ्रेंड'' पर आधारित है। निर्देशक मोहित सूरी ने चेतन की कहानी को पर्दे पर उतारने में पहले हाफ पर ज्यादा मेहनत की है क्योंकि दूसरे हाफ में दर्शक बोर होते दिखे।

इस सप्ताह प्रदर्शित फिल्म 'हाफ गर्लफ्रेंड' लेखक चेतन भगत की किताब 'हाफ गर्लफ्रेंड' पर आधारित है। निर्देशक मोहित सूरी ने चेतन की कहानी को पर्दे पर उतारने में पहले हाफ पर ज्यादा मेहनत की है क्योंकि दूसरे हाफ में दर्शक बोर होते दिखे। फिल्म का क्लाइमैक्स प्रभावी नहीं बन पाया है। फिल्म एक साधारण परिवार के लड़के की कहानी है जोकि कॉलेज में अंग्रेजी माहौल में खुद को अनफिट पाता है लेकिन हालात से जूझना नहीं छोड़ता। नायक के जज्बे और चुनौतियों से जूझने की उसकी लगातार कोशिशों को दिखाती यह फिल्म मनोरंजन की कसौटी पर खरी नहीं उतर पायी है।

फिल्म की कहानी माधव झा (अर्जुन कपूर) और रिया (श्रद्धा कपूर) के इर्दगिर्द घूमती है। माधव बिहार के एक छोटे से कस्बे से दिल्ली आया है ताकि कालेज में एडमिशन लेकर आगे की पढ़ाई कर सके। वह यहां अंग्रेजी का बोलबाला देख कर एडमिशन मिलने की उम्मीद छोड़ देता है लेकिन उसे स्पोर्ट्स कोटे से उसे सेंट स्टीफन्स कालेज में दाखिला मिल जाता है। वह बहुत अच्छा बास्केटबॉल खिलाड़ी है और इसी खेल की बदौलत ही उसकी अमीर परिवार की रिया सोमानी (श्रद्धा कपूर) से दोस्ती हो जाती है। दोनों की कॉलेज लाइफ हंसते-खेलते आगे बढ़ती है। उन दोनों के बीच प्यार होता और फिर तकरार भी।

अभिनय के मामले में ठेठ बिहारी लड़के के रोल में खुद को साबित करने के लिए अर्जुन कपूर ने वाकई काफी मेहनत की है और अपने रोल को अच्छे से निभाया है लेकिन फिर भी लगता है कि कुछ कसर बाकी रह गई है। रिया सोमानी के रोल को श्रद्धा कपूर जमी हैं। माधव के दोस्त बने विक्रांत मैसी और माधव की मां सीमा बिस्वास का काम भी दर्शकों को पसंद आयेगा। फिल्म के कुछ प्लस प्वाइंटस भी हैं जिनमें इसका गीत-संगीत और दिल्ली, पटना की लोकेशनें शामिल हैं। निर्देशक मोहित सूरी की यह फिल्म सामान्य श्रेणी में आती है और जो अपार अपेक्षाएं इस फिल्म के साथ लगा ली गयी थीं उन पर यह खरी नहीं उतर पाती।

कलाकार- अर्जुन कपूर, श्रद्धा कपूर, विक्रांत मैसी, सीमा बिस्वास और निर्देशक- मोहित सूरी।

प्रीटी

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़