जरूर देखें फिल्म बरेली की बर्फी, ''स्वाद'' पसंद आयेगा

Review of Film Bareilly Ki Barfi
[email protected] । Aug 21 2017 2:37PM

इस सप्ताह प्रदर्शित फिल्म ''बरेली की बर्फी'' देखकर आपको लगेगा कि आम लोगों की जिंदगी में भी कितने मजेदार पल होते हैं जिस पर भागदौड़ के कारण लोग ध्यान नहीं दे पाते।

इस सप्ताह प्रदर्शित फिल्म 'बरेली की बर्फी' देखकर आपको लगेगा कि आम लोगों की जिंदगी में भी कितने मजेदार पल होते हैं जिस पर भागदौड़ के कारण लोग ध्यान नहीं दे पाते। बरेली और उत्तर प्रदेश के कुछ शहरों पर आधारित यह फिल्म आपको जरूर भाएगी। बड़े सितारों वाली फिल्में भी आजकल उतनी मनोरंजक नहीं आ रही हैं जितना यह फिल्म आपका मनोरंजन करेगी। निर्देशक अश्विनी अय्यर तिवारी की यह पेशकश उन्हें लंबे समय तक लोगों के जेहन में ताजा रखेगी।

फिल्म की कहानी तीन मुख्य किरदारों बिट्टी मिश्रा (कृति सेनन), प्रीतम विद्रोही (राजकुमार राव) और चिराग दुबे (आयुष्मान खुराना) के इर्दगिर्द घूमती है। बिट्टी एक मिठाई की दुकान के मालिक (पंकज) और उसकी पत्नी (सीमा) की इकलौती बेटी है। पिता ने बिट्टी को बेटे की तरह बड़ा किया है, यहां तक की उसे सिगरेट और शराब पीने की भी अनुमति है। लेकिन उसकी मां को यह सब पसंद नहीं वह चाहती है कि बस किसी तरह बिट्टी की शादी हो जाये। एक बार ट्रेन में यात्रा के समय बिट्टी 'बरेली की बर्फी' नाम के एक नॉवल को पढ़ती है तो उसकी जिंदगी में नया मोड़ आ जाता है। वह किताब के मुख्य किरदार को पहचान जाती है और उसके लेखक की तलाश में जुट जाती है। इस काम में उसकी मदद चिराग करता है। मदद के दौरान चिराग बिट्टी से प्यार करने लग जाता है। दोनों अच्छे दोस्त बन भी जाते हैं लेकिन आगे क्या होता है यह जानने के लिए फिल्म देखना ठीक रहेगा।

अभिनय के मामले में राजकुमार राव का जवाब नहीं। वह फिल्म में अलग-अलग अंदाज में नजर आये हैं। आयुष्मान खुराना का रोल भी अच्छा रहा। काफी समय बाद उनका रोल कुछ हट कर रहा। उनका किरदार भी दो शेड्स वाला है और आयुष्मान ने इसमें काफी मेहनत की है। कृति सेनन का काम भी दर्शकों को पसंद आयेगा। उन्होंने कमाल का काम किया है। अन्य सभी कलाकार सामान्य रहे। फिल्म का गीत संगीत कहानी के मिजाज के मुताबिक है। निर्देशक अश्विनी अय्यर तिवारी इससे पहले 'नील बटे सन्नाटा' के जरिये दर्शकों का दिल जीत चुकी हैं इस बार भी उन्होंने सपरिवार देखने लायक फिल्म बनायी है।

कलाकार- आयुष्मान खुराना, कृति सेनन, राजकुमार राव और निर्देशक अश्विनी अय्यर तिवारी

प्रीटी

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़