विश्व के महान मानवतावादियों में से थे एधी: अमेरिका
अमेरिका ने पाकिस्तान के जाने माने सामाजिक कार्यकर्ता अब्दुल सत्तार एधी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें विश्व के महान मानवतावादियों में से एक बताया है।
वाशिंगटन। अमेरिका ने पाकिस्तान के जाने माने सामाजिक कार्यकर्ता अब्दुल सत्तार एधी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें विश्व के महान मानवतावादियों में से एक बताया है। व्हाइट हाउस की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रवक्ता नेड प्राइस ने एक बयान में कहा, ‘‘एधी का जीवन दूसरों की सेवा के लिए समर्पित था और हर राष्ट्रीयता, नस्ल, धर्म एवं वर्ग के लोगों से समान व्यवहार करने की उनकी प्रतिबद्धता उन लोगों को करारी फटकार है जो लोगों को बांटने के लिए भय एवं हिंसा का प्रयोग करते हैं।’’ प्राइस ने एधी की पत्नी बिलकीस, उनके चारों बच्चों और ‘‘उन लाखों लोगों के प्रति’’ संवेदनाएं प्रकट की हैं ‘‘जिनके जीवन को उन्होंने छुआ है’’।
उन्होंने कहा कि समाज सेवी एधी विश्व के महान मानवतावादियों में से एक थे और पाकिस्तान के लोगों ने मानवता का एक वीर सेवक खोया है। मानवता और गरीबों की सेवा के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले पाकिस्तान के प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता अब्दुल सत्तार एधी का शुक्रवार रात को निधन हो गया था उनके गुर्दे ने काम करना बंद कर दिया था। उनकी उम्र 92 साल थी। पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनके लिए नमाज ए जनाजा अदा की गयी। इस दौरान हजारों लोग मौजूद थे जिनमें पाकिस्तान के राष्ट्रपति ममनून हुसैन और पाकिस्तानी सेना प्रमुख रहील शरीफ शामिल थे। उन्हें कई बार नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित किया गया था। वह इस साल भी इस पुरस्कार के लिए नामित किए गए लोगों की सूची में शामिल थे। उन्हें कई अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार मिले।
अन्य न्यूज़