हिलेरी ने रचा इतिहास, डेमोक्रेटिक उम्मीदवारी हासिल की

[email protected] । Jul 27 2016 10:31AM

हिलेरी क्लिंटन ने अमेरिका के राष्ट्रपति पद के चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवारी जीतकर इतिहास रच दिया। वह अमेरिका के राष्ट्रपति पद के चुनाव में पहली महिला उम्मीदवार बन गई हैं।

फिलाडेल्फिया। हिलेरी क्लिंटन ने अमेरिका के राष्ट्रपति पद के चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवारी जीतकर इतिहास रच दिया। वह अमेरिका के राष्ट्रपति पद के चुनाव में किसी बड़ी पार्टी का नेतृत्व करने वाली पहली महिला बन गई हैं। विदेश मंत्री, प्रथम महिला एवं न्यूयार्क से सीनेटर रह चुकीं हिलेरी ने फिलाडेल्फिया में डेमोक्रेटिक नेशनल कन्वेंशन में पार्टी के कुल 4764 डेलीगेट्स में से बहुमत का समर्थन हासिल करके उम्मीदवारी जीती। प्राइमरी चुनावों में हिलेरी के प्रतिद्वंद्वी बर्नी सैंडर्स ने अपने गृह राज्य वरमोंट की बारी आने पर हिलेरी के नामांकन का प्रस्ताव पेश किया और इस तरह उन्होंने गहरे मतभेदों से जूझ रही पार्टी के लिए एकता का अहम संदेश दिया।

सैंडर्स ने राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए पार्टी उम्मीवार के तौर पर हिलेरी के सर्वसम्मत नामांकन का रास्ता साफ करने के लिए नियमों के निलंबन की अपील की। उन्होंने कहा, ‘‘मैं प्रस्ताव रखता हूं कि हिलेरी क्लिंटन को अमेरिका के राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी का उम्मीदवार नामांकित किया जाए।

कुछ ही क्षणों बाद, डेमोक्रेटिक डेलीगेट्स ने हिलेरी को पार्टी उम्मीदवार के तौर पर नामित किया जो अब रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप को कड़ी टक्कर देंगी। हिलेरी ने कहा, ‘‘यह पल हर उस छोटी लड़की के लिए है, जो बड़े सपने देखती है। हमने इतिहास रच दिया।’’ उन्होंने एक अन्य ट्वीट में लिखा, ‘‘हम एकजुट होकर और मजबूत होंगे।’’ सीनेट में चयनित हुई पहली डेमोक्रेटिक महिला एवं शक्तिशाली सीनेट कमेटी ऑन एप्रोप्रिएशंस की पहली महिला अध्यक्ष बारबरा ए मिकुलस्की ने हिलेरी के नामांकन का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा, ‘‘मैं पहली महिला राष्ट्रपति बनने के लिए हिलेरी क्लिंटन को पार्टी उम्मीदवार नामित करने के लिए आज पूरे दिल से यहां मौजूद हूं।’’ बारबरा ने कहा, ‘‘आप में से कई ने अवरोधक तोड़े हैं। आप कॉलेज जाने वाले पहले थे। आप कारोबार शुरू करने वाले पहले थे। आप शायद नागरिक बनने वाले पहले थे। लेकिन आप जानते हैं कि आपने जब कोई अवरोधक तोड़ा तो आपने यह अपने लिए नहीं किया। आपने यह इसलिए किया ताकि बाकियों को उनका सामना दोबारा नहीं करना पड़े। हिलेरी यही करना चाहती हैं। वह अवसर तक पहुंचने में आने वाले सभी अवरोधक तोड़ना चाहती हैं।’’ नागरिक अधिकार नेता एवं कांग्रेस के सदस्य जॉन लेविस ने उम्मीदवारी के लिए हिलेरी के नाम का समर्थन किया।

लेविस ने कहा, ‘‘हमारी पार्टी ने आठ साल पहले ऐसे उम्मीदवार को नामित किया और चुना था जो व्हाइट हाउस में सेवाएं देने वाला पहला अश्वेत बना और उसने एक नहीं बल्कि दो कार्यकालों तक सेवाएं दीं। हम आज रात एक बार फिर अवरोधक तोड़ेंगे। हम आने वाले कल की पार्टी हैं और अमेरिका में सच्चे लोकतंत्र का निर्माण करेंगे।’’ उन्होंने हिलेरी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने लोकसेवा और अमेरिका को बेहतर बनाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। लेविस ने कहा, ‘‘मैं हिलेरी क्लिंटन को कई वर्षों से जानता हूं। वह राष्ट्रपति पद के चुनाव में अब तक खड़े होने वाले सर्वाधिक योग्य उम्मीदवारों में से एक हैं। वह नेतृत्व करने की क्षमता रखती हैं और हमें विभाजित करने वाले अवरोधक तोड़ने के लिए हवा के रुख के खिलाफ चल रही हैं। वह समझदार हैं। वह अपने जीवन में कुछ भी कर सकती थीं लेकिन उन्होंने बहुत पहले ही यह निर्णय ले लिया था कि वह केवल ठीक-ठाक काम नहीं करना चाहती बल्कि वह कुछ अच्छा करना चाहती हैं।’’ हिलेरी उम्मीदवारी स्वीकार करते हुए गुरुवार को अपना भाषण देंगी। उन्होंने पिछले सप्ताह वर्जीनिया के सीनेट टिम केन को उपराष्ट्रपति पद के लिए अपना उम्मीदवार चुना था। आकर्षक व्यक्तित्व वाले एवं विवादों में घिरे रहे उनके पति 1993 से 2001 तक अमेरिका के राष्ट्रपति रहे थे। हिलेरी ने प्रथम महिला के तौर पर स्वास्थ्य देखभाल एवं महिलाओं के अधिकारों के लिए कई अहम पहलें शुरू की थीं।

स्वच्छ ऊर्जा का समर्थन करने वाली हिलेरी क्लिंटन को भारत-अमेरिकी संबंधों की एक मजबूत समर्थक के तौर पर जाना जाता है। न्यूयार्क के सीनेटर के तौर पर सीनेट इंडिया कॉकस की शुरूआत करने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी और वह इसकी संस्थापक सह अध्यक्ष थीं। यह किसी देश विशेष का एकमात्र सीनेट कॉकस है। हिलेरी ने जनवरी 2009 में विदेश मंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण करने के बाद वार्षिक भारत-अमेरिकी सामरिक वार्ता की शुरूआत में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने यूएसएआईडी के प्रमुख के तौर पर राज शाह और सहायक विदेश मंत्री के तौर पर रिचर्ड वर्मा जैसे भारतीय अमेरिकियों को विदेश मंत्रालय में नियुक्त किया था। वर्मा अब भारत में अमेरिका के राजदूत हैं। हिलेरी की चुनाव प्रचार मुहिम में भी अहम पदों पर कई भारतीय अमेरिकी हैं जिनमें हुमा आबदीन, नीरा टंडन, शेफाली राजदान दुग्गल और अदिति हार्दिकर शामिल हैं।

We're now on WhatsApp. Click to join.

Tags

    All the updates here:

    अन्य न्यूज़