मैं अपनी मां के लिए मतदान करूंगी: चेल्सी क्लिंटन
मां हिलेरी क्लिंटन को ‘‘काम करके दिखाने वाली नेता’’ करार देते हुये चेल्सी ने कहा कि वह डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी हिलेरी को अपना वोट देंगी जो उनकी ‘आदर्श’ हैं।
फिलाडेल्फिया। अपनी मां हिलेरी क्लिंटन को ‘‘काम करके दिखाने वाली नेता’’ करार देते हुये चेल्सी क्लिंटन ने आज कहा कि वह डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी हिलेरी क्लिंटन को अपना वोट देंगी जो उनकी ‘आदर्श’ हैं और जलवायु परिवर्तन से पृथ्वी को बचा सकती हैं। डेमोक्रेटिक नेशनल कन्वेंशन में अपनी मां हिलेरी क्लिंटन के बारे में बात करते हुए अपने संबोधन में चेल्सी ने कहा, ‘‘इस साल नवंबर में मैं एक महिला को वोट दूंगी जो एक मां और एक वकील के रूप में मेरी आदर्श हैं। एक महिला जिन्होंने अपनी पूरी जिंदगी बच्चों और परिवारों के लिए काम करते हुये व्यतीत की।’’
नवंबर में होने वाले चुनाव के लिए हिलेरी को डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद का प्रत्याशी चुना गया है। अपने संबोधन में चेल्सी ने अपनी मां की कहानी, उनके मूल्यों और पारिवारिक जीवन एवं वह कैसे बड़ी हुयी, इसके बारे में बताया। चेल्सी ने कहा, ‘‘मेरी मां बात सुनने वाली और काम करके दिखाने वाली नेता हैं। वह एक ऐसी महिला हैं जिनके पास दया, आस्था, दयालुता, न्याय की समझ और प्यार भरा दिल है। मां क्लिंटन कभी यह नहीं भूलती कि वह किसके लिए संघर्ष कर रही हैं।’'
अन्य न्यूज़