- |
- |
सऊदी के तेल मंत्री अहमद जकी यामनी का 90 वर्ष की आयु में निधन
- प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क
- फरवरी 23, 2021 15:40
- Like

सऊदी अरब के पूर्व तेल मंत्री अहमद जकी यमनी का निधन हो गया है।वर्ष 1973 में तेल के बाजार में संकट के समय से अपने देश को उबारने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी थी और ऊर्जा कंपनी का राष्ट्रीयकरण किया था। यमनी 1962 में तेल मंत्री बने और 1986 तक पद पर रहे।
दुबई। सऊदी अरब के लंबे समय तक तेल मंत्री रहे अहमद जकी यमनी का मंगलवार को लंदन में निधन हो गया। वह 90 साल के थे। सऊदी अरब के सरकारी टेलीविजन ने यमनी के निधन की खबर दी है लेकिन मौत का कोई कारण नहीं बताया। उन्हें मुसलमानों के पवित्र शहर मक्का में दफनाया जाएगा। वर्ष 1973 में तेल के बाजार में संकट के समय से अपने देश को उबारने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी थी और ऊर्जा कंपनी का राष्ट्रीयकरण किया था। यमनी 1962 में तेल मंत्री बने और 1986 तक पद पर रहे।
इसे भी पढ़ें: पूर्वी लद्दाख में भारत और चीन के सैनिकों के पीछे हटने की खबर पर करीबी नजर : अमेरिका
तेल उत्पादक देशों के समूह ओपेक के संचालन बोर्ड में वह 1961 में सऊदी अरब के पहले प्रतिनिधि थे। उन्होंने ओपेक में ऐसे समय महत्वपूर्ण भूमिका निभायी जब विश्व बाजार में तेल की कीमतों पर नियंत्रण का प्रयास चल रहा था। उस समय पश्चिमी देशों की आर्थिक नीतियों से तेल के बाजार का रुख तय होता था। रिचर्ड निक्सन जब अमेरिका के राष्ट्रपति बने और उन्होंने इजराइल का समर्थन किया तो ओपेक में अरब के तेल उत्पादकों ने हर महीने तेल उत्पादन में पांच प्रतिशत कटौती का फैसला किया। इससे अमेरिका में तेल की कीमतों में 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो गयी और गैसोलीन की आपूर्ति घट गयी। वर्ष 1986 में सऊदी के शासक किंग फहद ने उन्हें पद से हटा दिया।
अमेरिका ने जॉनसन एंड जॉनसन के कोरोना टीके को दी मंजूरी, एक ही डोज है काफी !
- प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क
- फरवरी 28, 2021 12:05
- Like

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने इसे कोविड-19 संकट को समाप्त करने वाला एक और कदम बताया और कहा कि यह सभी अमेरिकी नागरिकों के लिए उत्साहजनक खबर है।
वॉशिंगटन। अमेरिका के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने जॉनसन एंड जॉनसन के कोरोना वायरस रोधी टीके के आपात इस्तेमाल को मंजूरी दे दी है। यह तीसरा टीका है जिसे अमेरिका में कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए इस्तेमाल की मंजूरी दी गई है। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने इसे कोविड-19 संकट को समाप्त करने वाला एक और कदम बताया और कहा कि यह सभी अमेरिकी नागरिकों के लिए उत्साहजनक खबर है। जॉनसन एंड जॉनसन के टीके की दो खुराक के बजाए केवल एक खुराक की आवश्यकता होती है। इस कंपनी के टीकों को शनिवार को मंजूरी दी गई।
इसे भी पढ़ें: बाइडेन प्रशासन ने कहा, भारत के लिये जीएसपी का सवाल उनके रडार में सबसे ऊपर
अमेरिका में इससे पहले फाइजर और मोडर्ना के टीकों को पिछले साल दिसंबर में मंजूरी दी गई थी। फाइजर और मोडर्ना की दो सप्ताह में दो खुराक लगाए जाने की आवश्यकता होती है। एफडीए की कार्यकारी आयुक्त जैनेट वुडकॉक ने कहा, ‘‘इस (जॉनसन एंड जॉनसन के) टीके को मंजूरी दिए जाने से टीकों की उपलब्धता में विस्तार होता है। कोरोना वायरस रोधी टीकों का इस्तेमाल कोविड-19 को रोकने के लिए सर्वश्रेष्ठ चिकित्सकीय तरीका है, जिसने अमेरिका में पांच लाख से अधिक लोगों की जान ले ली है।’’
इसे भी पढ़ें: अमेरिका ने संघर्ष विराम पर भारत और पाकिस्तान के संयुक्त बयान का किया स्वागत, जानिए क्या कुछ कहा
एफडीए ने बताया कि उपलब्ध आंकड़े इस बात का स्पष्ट संकेत हैं कि जॉनसन एंड जॉनसन का कोविड-19 टीका संक्रमण को रोकने में प्रभावी हो सकता है। राष्ट्रपति बाइडन ने कहा, ‘‘हम जानते हैं कि जितने अधिक लोगों को टीका लगाया जाएगा, उतनी तेजी से हम इस वायरस से निपट पाएंगे, हम अपने मित्रों एवं प्रियजन से मिल पाएंगे और अपनी अर्थव्यवस्था को पटरी पर ला पाएंगे।’’ उन्होंने लोगों से कोविड-19 के नए वेरिएंट (स्वरूप) के सामने आने के मद्देनजर पूरी एहतियान बरतने की अपील की।
सऊदी अरब का दावा, हुती विद्रोहियों ने रियाद को निशाना बनाते हुए दागी बैलेस्टिक मिसाइल, हमने नष्ट किया
- प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क
- फरवरी 28, 2021 11:27
- Like

सऊदी नीत सैन्य गठबंधन ने कहा कि ईरान समर्थित हुती विद्रोहियों ने रियाद की ओर एक बैलेस्टिक मिसाइल दागी। इसके अलावा जिज़ान प्रांत की ओर बम से लदे तीन ड्रोन दागे गए।
दुबई। सऊदी अरब ने शनिवार को कहा कि उसने राजधानी रियाद पर दागी गई एक मिसाइल और दक्षिणी प्रांत को निशाना बनाते हुए दागे गए ड्रोन को बीच में रोक कर नष्ट कर दिया है। सऊदी अरब देश में होने वाले हवाई हमलों के लिए यमन के हुती विद्रोहियों को जिम्मेदार ठहराता रहा है।
इसे भी पढ़ें: सऊदी के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने पत्रकार खशोगी की हत्या की दी थी मंजूरी
सऊदी नीत सैन्य गठबंधन ने कहा कि ईरान समर्थित हुती विद्रोहियों ने रियाद की ओर एक बैलेस्टिक मिसाइल दागी। इसके अलावा जिज़ान प्रांत की ओर बम से लदे तीन ड्रोन दागे गए। चौथा ड्रोन एक अन्य दक्षिण पश्चिमी शहर को निशाना बनाते हुए दागा गया, और अन्य ड्रोनों पर निगाह रखी जा रही है। इसमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। इस हमले के संबंध में अभी हुती विद्रोहियों की ओर से कोई बयान नहीं आया है। यह हमला पश्चिम एशिया में तेजी से बढ़ रहे तनाव के बीच हुआ है। इससे एक दिन पहले ही इजराइल के पोत पर ओमान की खाड़ी में विस्फोट हुआ था। इस विस्फोट ने सामरिक जलमार्गों पर पोतों की सुरक्षा को लेकर चिंता को एक बार फिर हवा दी है।
इसे भी पढ़ें: भारत और सऊदी अरब के बीच पहले युद्धाभ्यास की शुरुआत के गहरे हैं निहितार्थ
सरकारी अल एखबरिया टीवी ने रियाद में हवा में विस्फोट जैसी किसी चीज के फुटेज दिखाए। लोगों ने सोशल मीडिया पर भी इसी तरह के वीडियो साझा किए हैं। सऊदी नीत गठबंधन के प्रवक्ता कर्नल तुर्की अल मलीकी ने कहा कि हुती नागरिकों को सिलसिलेवार ढंग से निशाना बनाने की कोशिश कर रहे थे। इस बीच रियाद में अमेरिकी दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए चेतावनी जारी की है और उनसे भविष्य में और हमले होने की स्थिति में सतर्क रहने को कहा गया है।
पाकिस्तान में आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच हुई मुठभेड़, नूर ए इस्लाम गुट के 2 आतंकी ढेर
- प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क
- फरवरी 28, 2021 11:19
- Like

आतंकवाद रोधी अधिकारी शाहिद सोलंगी ने कहा कि दक्षिणी सिंध प्रांत में सुक्कुर शहर के पटनी इलाके में आज सुबह यह कार्रवाई की गई।
मुल्तान। पाकिस्तान की आतंकवाद रोधी पुलिस और खुफिया सेवा के अधिकारियों ने शनिवार को आतंकवादियों के एक ठिकाने पर छापा मारा और सुरक्षा बलों पर हमले में कथित तौर पर संलिप्त रहे दो आतंकवादियों को मार गिराया। आतंकवाद रोधी अधिकारी शाहिद सोलंगी ने कहा कि दक्षिणी सिंध प्रांत में सुक्कुर शहर के पटनी इलाके में आज सुबह यह कार्रवाई की गई।
इसे भी पढ़ें: द्विपक्षीय संबंधों में प्रगति के लिए अनुकूल वातावरण बनाने की जिम्मेदारी भारत की: इमरान खान
उन्होंने बताया कि आतंकवादियों ने भागने की कोशिश की, जिस कारण मुठभेड़ हुई। पाकिस्तानी तालिबान के नूर ए इस्लाम गुट के दो आतंकवादी मारे गये।

