सबसे बड़े अवरोधक को तोड़ने की हो रही तैयारी: पेलोसी

[email protected] । Jul 27 2016 4:35PM

हिलेरी को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद नैंसी पेलोसी ने कहा है कि अब अमेरिकी लोग देश में भेदभाव के सबसे ऊंचे और सबसे मजबूत अवरोधक को तोड़ने की तैयारी कर रहे हैं।

फिलाडेल्फिया। डेमोक्रेटिक पार्टी के नेशनल कन्वेंशन में हिलेरी क्लिंटन को राष्ट्रपति पद के लिए पार्टी का उम्मीदवार बनाए जाने के बाद नेता नैंसी पेलोसी ने कहा है कि अब अमेरिकी लोग देश में भेदभाव के सबसे ऊंचे और सबसे मजबूत अवरोधक को तोड़ने की तैयारी कर रहे हैं। डेमोक्रेटिक पार्टी की महिला सांसदों के एक समूह ने इस ‘ऐतिहासिक’ फैसले की सराहना करते हुए पेलोसी के भावों को दोहराया। पेलोसी ने कहा, ‘‘वर्ष 1776 को बहुत ज्यादा समय नहीं हुआ है, जब हमारे संस्थापकों ने हमारे देश का सृजन किया। 96 साल पहले अमेरिकी महिलाओं को मताधिकार मिला। अब हम हिलेरी क्लिंटन को अमेरिका की राष्ट्रपति चुनकर अपने देश में मौजूद सबसे ऊंचे, सबसे मजबूत अवरोधक को तोड़ने की तैयारी कर रहे हैं।’’ पेलोसी अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में स्पीकर के तौर पर चुनी गई पहली महिला हैं।

राष्ट्रपति पद के लिए अमेरिका में किसी बड़ी पार्टी की पहली महिला उम्मीदवार के तौर पर हिलेरी के चुने जाने के बाद पेलोसी और महिला सांसदों का एक समूह इस ऐतिहासिक मौके का जश्न मनाने के लिए मंच पर पहुंच गया। एक के बाद एक संक्षिप्त भाषणों में उन्होंने कहा, ‘‘जब महिलाएं सफल होती हैं, तब अमेरिका सफल होता है।’’ कैलिफोर्निया की सीनेटर बारबरा बॉक्सर ने कहा कि अमेरिकी लोग व्हाइट हाउस में हिलेरी को देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘क्या आप अमेरिका की पहली महिला राष्ट्रपति चुनने के लिए तैयार हैं? मैं तैयार हूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमें व्हाइट हाउस में हिलेरी की जरूरत है। हमें एक ऐसा राष्ट्रपति चाहिए जो यह जानता है कि किसी काम के लिए पुरूष को एक डॉलर और महिला को 79 सेंट्स दिया जाना सरासर गलत है। और फिर भी उनके विरोधी समान वेतन का समर्थन करने से इंकार कर देते हैं क्योंकि बाजार ऐसा सुनिश्चित करने वाला है। यह 2016 है और हम अब भी इंतजार कर रहे हैं।’’

इलिनोइस से कांग्रेस की सदस्य बनीं जेन शाकोवस्की ने कहा, ‘‘डेमोक्रेट्स रिपब्लिकन्स के महिला-विरोधी अभियान के खिलाफ लड़ रहे हैं और अमेरिकी महिलाएं पीछे नहीं आगे बढ़ रही हैं।’’ कांग्रेस सदस्य नेदिया एम वेलासक्वेज ने कहा, ‘‘अश्वेत महिलाएं और बुजुर्ग महिलाएं देश में उद्यमिता के चेहरे को बदल रही हैं। उन्हें विकास करने के लिए पूंजी की जरूरत है और आगे बढ़ने के लिए उपकरणों की।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हिलेरी क्लिंटन के पास ऐसी योजना है, जो यह सुनिश्चित करेगी कि अमेरिका के सभी छोटे उद्योग वैश्विक अर्थव्यवस्था में स्पर्धा कर सकते हैं और सफल हो सकते हैं। क्योंकि हिलेरी कमजोरों के साथ हैं, इसलिए मैं उनके साथ हूं।’’

कांग्रेस सदस्य बोनी वॉटसन कोलमैन ने कहा, ‘‘हिलेरी क्लिंटन के नेतृत्व में काम कर चुके डेमोक्रेट जानते हैं कि हमें कॉलेजों को ज्यादा किफायती बनाना है और छात्रों पर चढ़े कर्ज के बोझ को हटाना है। यह बोझ कई युवा अमेरिकियों और उनके परिवारों पर पड़ता है। अमेरिका उस समय ज्यादा मजबूत होता है, जब हर किसी के पास सफलता का मौका होता है।’’

We're now on WhatsApp. Click to join.

Tags

    All the updates here:

    अन्य न्यूज़