प्रिंस चार्ल्स राष्ट्रमंडल प्रमुख के रूप में महारानी एलिजाबेथ के होंगे उत्तराधिकारी
ब्रिटेन के प्रिंस चार्ल्स राष्ट्रमंडल प्रमुख के पद पर अपनी मां महारानी एलिजाबेथ द्वितीय की जगह लेंगे। दरअसल, राष्ट्रमंडल देशों का शासनाध्यक्ष संगठन अगले प्रमुख के रूप में प्रिंस चार्ल्स का समर्थन करने के लिए सहमत हो गए।
लंदन। ब्रिटेन के प्रिंस चार्ल्स राष्ट्रमंडल प्रमुख के पद पर अपनी मां महारानी एलिजाबेथ द्वितीय की जगह लेंगे। दरअसल, राष्ट्रमंडल देशों का शासनाध्यक्ष संगठन अगले प्रमुख के रूप में प्रिंस चार्ल्स का समर्थन करने के लिए सहमत हो गए। गौरतलब है कि एक दिन पहले ही महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने कहा था कि उनकी हार्दिक इच्छा है कि उनका बेटा आगे चल कर उनकी भूमिका निभाए।
ब्रिटिश मीडिया की खबरों के मुताबिक विंडसर कासल में राष्ट्रमंडल देशों के शासनाध्यक्षों की बैठक (चोगम) रीट्रीट में संगठन के नेता 69 वर्षीय चार्ल्स को इसका अगला प्रमुख बनाने के लिए सहमत हुए हैं। भारत के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘अगले प्रमुख के रूप में प्रिंस चार्ल्स के नाम पर भारत को कोई आपत्ति नहीं है क्योंकि उन्होंने इस संगठन के लिए कड़ी मेहनत की है। हालांकि, हम इस बारे में स्पष्ट हैं कि इस पद को संस्थागत नहीं किया जाना चाहिए।’
प्रिंस चार्ल्स ने बकिंघम पैलेस में अपने स्वागत भाषण में कहा, ‘जहां तक मुझे याद है, मेरे लिए राष्ट्रमंडल मेरे जीवन में एक मूलभूत चीज है। मैं जब पांच साल का था, तब मैंने माल्टा की अपनी प्रथम यात्रा की थी।’ उल्लेखनीय है कि राष्ट्रमंडल के ज्यादातर सदस्य देश कभी ब्रिटेन का उपनिवेश हुआ करते थे। ब्रिटिश प्रधानमंत्री टेरीजा मे ने संकेत दिया है कि इस मुद्दे पर एक फैसला आज विंडसर कासल में रीट्रीट में उनके स्वागत भाषण में होने की संभावना है।
अन्य न्यूज़