दुबई बस दुर्घटना में जीवित बचे शख्स ने बयां की खौफनाक मंजर की दास्तान

there-was-a-blood-everywhere-says-dubai-bus-accident-survivor

बस के अंदर हर ओर खून के छींटे थे और घायल यात्री एक दूसरे की मदद करने की कोशिश कर रहे थे। दुबई में बृहस्पतिवार को एक बस सड़क किनारे लगे साइनबोर्ड से टकरा गयी थी। घटना में 12 भारतीय समेत 17 लोगों की मौत हो गयी थी।

दुबई। दुबई में हुई भीषण बस दुर्घटना में जीवित बचे शख्स ने उस खौफनाक मंजर की दास्तां बयां की। उसने बताया कि चारों ओर सहयात्रियों की चीख-पुकार सुनायी दे रही थी। बस के अंदर हर ओर खून के छींटे थे और घायल यात्री एक दूसरे की मदद करने की कोशिश कर रहे थे। दुबई में बृहस्पतिवार को एक बस सड़क किनारे लगे साइनबोर्ड से टकरा गयी थी। घटना में 12 भारतीय समेत 17 लोगों की मौत हो गयी थी।

बस ओमान की राजधानी मस्कत से दुबई आ रही थी। इसमें 31 यात्री सवार थे। बस ने साइन बोर्ड को टक्कर मार दी। टक्कर इतना जोरदार था कि साइनबोर्ड से बस का बायां हिस्सा कट गया और इसके कारण उस ओर बैठे यात्रियों की मौत हो गयी। यह बस अल राशिदिया मेट्रो स्टेशन की ओर जाने वाली सड़क पर गलती से आ गयी थी, जो बसों के आवागमन के लिये निर्धारित नहीं है। घटना में जीवित बचे केरल के रहने वाले निधिन लाजी (29) के चेहरे पर मामूली चोट आयी थी।

इसे भी पढ़ें: दुबई में हुए भयावह बस हादसा में 12 भारतीय की हुई मौत

लाजी ने ‘खलीज टाइम्स’ को बताया कि चारों ओर खून ही खून था। बस की बायीं ओर बैठे अधिकतर लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वाहन में दायीं ओर बैठे लोग जीवित बच गये। उस खौफनाक मंजर को याद करते हुए लाजी ने बताया कि लोगों की चीख-पुकार सुनायी दे रही थी। उसने बताया कि सीट पर जहां तहां खून और क्षत-विक्षत शव बिखरे थे। लाजी ने बताया कि मैं एक महिला की मदद के लिये आगे बढ़ा। वह चीख रही थी। घटना में उसके पति की मौत हो चुकी थी। मैं किस्मत वाला था कि मैं बच गया। लेकिन घटना में मारे गये लोगों के लिये मुझे बहुत अफसोस है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़