लुइसियाना में गोलीबारी की साजिश रचने के मामले में तीन गिरफ्तार
लुइसियाना में अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने बंदूकें चुराने के मामले में तीन अश्वेत लोगों को गिरफ्तार किया है जिन्होंने इन हथियारों से अधिकारियों की हत्या करने की साजिश रची थी।
वाशिंगटन। लुइसियाना में अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने बंदूकें चुराने के मामले में तीन अश्वेत लोगों को गिरफ्तार किया है जिन्होंने इन हथियारों से अधिकारियों की हत्या करने की साजिश रची थी। बैटन रूज पुलिस विभाग के अनुसार, संदिग्ध एक दुकान से हथियार चुराने की कोशिश कर रहे थे और निगरानी वीडियो में दिखाया गया कि वे छत की ओर से दुकान में घुसे। पुलिस ने शनिवार को देर रात करीब दो बजे कार्रवाई की। पुलिस ने एक बयान में कहा कि एंटोनियो थॉमस ने बताया कि उसने और तीन अन्य संदिग्धों ने हथियार चुराए और वे पुलिसकर्मियों को मारने के लिए गोलियां हासिल करने जा रहे थे।
दो अन्य संदिग्धों मलिक ब्रिजवाटर और 13 वर्षीय एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बंदूकों की चोरी करने का आरोप लगाया गया है। यह तत्काल स्पष्ट नहीं है कि जो चौथा संदिग्ध जेल में नहीं है, क्या वह फरार है? आठ हथियार चोरी हुए थे। अधिकारियों को उनमें से छह हथियार मिल गए हैं और वे अन्य दो का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस ने एक अन्य व्यक्ति ट्राशोन कोट्स को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि कोट्स ने अवैध रूप से दो बंदूकें खरीदी थीं। उस पर चोरी की गई बंदूक अवैध रूप से रखने का आरोप लगाया गया है। हाल में दो अफ्रीकी अमेरिकियों की पुलिस की गोलीबारी में मौत होने के विरोध में हजारों लोगों ने अमेरिका में प्रदर्शन किए थे। अधिकतर प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहे लेकिन मिनेसोटा के सेंट पॉल में सप्ताहांत में दंगा हो गया जिसके बाद 100 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया।
अन्य न्यूज़