चुनाव में इतिहास रच सकती हैं तीन भारतीय-अमेरिकी महिलाएं
इस नवंबर में अमेरिकी कांग्रेस की चुनावी दौड़ में शामिल 19 महिलाओं की सूची में तीन भारतीय-अमेरिकी महिलाएं भी चुने जाने पर इतिहास रच सकती हैं।
वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति पद के चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन का लक्ष्य जहां सबसे बड़े अवरोधक को तोड़ना है, वहीं इस नवंबर में अमेरिकी कांग्रेस की चुनावी दौड़ में शामिल 19 महिलाओं की सूची में तीन भारतीय-अमेरिकी महिलाएं भी चुने जाने पर इतिहास रच सकती हैं। कॉस्मोपॉलिटन पत्रिका ने महिलाओं की सूची जारी करते हुए कहा कि कांग्रेस में सिर्फ 19 महिलाएं हैं और नवंबर के चुनाव में चुने जाने पर दोनों पार्टियों की एक दर्जन से अधिक महिलाएं ही अवरोधकों को तोड़ने में सफल हो सकती हैं।
इस सूची में शामिल तीन भारतीय अमेरिकी महिलाएं हैं- प्रमिला जयपाल, कमला हैरिस और लतिका मेरी थॉमस। प्रमिला वाशिंगटन राज्य से प्रतिनिधि सभा के लिए चुनावी मैदान में हैं। कमला हैरिस कैलिफोर्निया से सीनेट में प्रवेश की कोशिश कर रही हैं। लतिका मेरी थॉमस फ्लोरिडा से रिपब्लिकन टिकट पर सदन की सदस्यता की दौड़ में हैं। प्रमिला और कमला डेमोक्रेटिक पार्टी से हैं। यदि इनका चयन हो जाता है तो कमला सीनेट के लिए चुनी जाने वाली दूसरी अश्वेत और पहली भारतीय-अमेरिकी महिला होंगी। सीनेट में चुनी गईं पहली अश्वेत महिला कैरल मोस्ले ब्राउन थीं, जिन्हें 1992 में चुना गया था।
कमला का समर्थन राष्ट्रपति ओबामा ने किया है और वह फिलहाल कैलिफोर्निया की अटॉर्नी जनरल हैं। प्रमिला को वरमोंट के सीनेटर बर्नी सैंडर्स का समर्थन प्राप्त है। प्रमिला और लतिका भी इस कांग्रेस में जगह बनाकर इतिहास रच सकती हैं। अभी तक कांग्रेस में कोई भारतीय अमेरिकी महिला नहीं है।
अन्य न्यूज़