कट्टरपंथी जिहादियों के खिलाफ युद्धरत है दुनिया: हिलेरी
हिलेरी क्लिंटन ने आज कहा कि अतंरराष्ट्रीय समुदाय अन्य लोगों को कट्टरपंथी बनाने और उनकी भर्ती करने के लिए इस्लाम का इस्तेमाल करने वाले कट्टरपंथी जिहादियों के खिलाफ युद्धरत है।
वॉशिंगटन। फ्रांस में 80 लोगों की जान लेने वाले घातक आतंकवादी हमले के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति पद के लिए संभावित डेमोक्रेटिक उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन ने आज कहा कि अतंरराष्ट्रीय समुदाय अन्य लोगों को कट्टरपंथी बनाने और उनकी भर्ती करने के लिए इस्लाम का इस्तेमाल करने वाले कट्टरपंथी जिहादियों के खिलाफ युद्धरत है। हिलेरी ने ‘सीएनएन’ को दिए एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘मुझे लगता है कि यह स्पष्ट है कि हम इन आतंकवादी समूहों और जिनका वह प्रतिनिधित्व करते है उसके खिलाफ युद्धरत हैं। यह अलग तरह का युद्ध है। हमें इस संबंध में चतुराई से काम लेने की आवश्यकता है कि हम यह युद्ध कैसे आगे बढ़ाएंगे और इसे कैसे जीतेंगे। इसलिए, मुझे लगता है कि हमें ऐसा करने के लिए सभी संभावित दृष्टिकोणों पर विचार करना होगा।’’
हिलेरी के बयान से कुछ ही देर पहले राष्ट्रपति पद के लिए संभावित रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका इन आतंकवादी समूहों के खिलाफ युद्धरत है। हिलेरी ने कहा, ‘‘हम उन कट्टरपंथी जिहादियों के खिलाफ युद्ध की स्थिति में हैं जो अपने घटिया एजेंडे को पूरा करने की खातिर अन्य लोगों को कट्टरपंथी बनाने एवं उनकी भर्ती करने के लिए इस्लाम का इस्तेमाल करते हैं। यह उतना महत्वपूर्ण नहीं है कि हम इन लोगों को क्या कहते हैं बल्कि यह अधिक महत्वपूर्ण है कि हम उनके बारे में क्या करते हैं।’’
हिलेरी ने कहा, ‘‘मैं बिन लादेन से निपटने में हमारी सफलता के बारे में सोचती हूं। यह महत्वपूर्ण था कि हमने मामला बनाया, हमें सूचना मिली और राष्ट्रपति ने छापेमारी का आदेश दिया। दरअसल, यहां एक विचारधारा है, यह कोई देश नहीं है। लोग विश्व युद्ध के साथ इसकी तुलना करते हैं और इसे तृतीय विश्व युद्ध भी करार देते हैं, यह अलग तरह का युद्ध है और हमें आसानी से गुमराह किया जा सकता है।’’ हिलेरी की प्रचार मुहिम की ओर से जारी बयान में उन्होंने कहा कि फ्रांस पर हुआ आतंकवादी हमला यह दर्शाता है कि आतंकवादियों ने बास्तील दिवस के अवसर पर फ्रांस की संस्कृति एवं इतिहास का जश्न मना रहे परिवारों पर हमला करके यूरोप के निकटतम सहयोगियों में से एक पर हमला किया है।
उन्होंने कहा, ‘‘हर अमेरिकी फ्रांस के लोगों के साथ मजबूती से साथ एकजुट होकर खड़ा है और हम एक आवाज में यह कहते हैं- हम डरेंगे नहीं। हम आतंकवादियों को समतावाद एवं लोकतंत्र के उन मूल्यों को कमजोर नहीं करने देंगे, जो हमारे जीवन का आधार हैं।’’ हिलेरी ने कहा, ‘‘ये कायरतापूर्ण हमले विश्वभर में आतंकवाद को हराने एवं हमारे गठजोड़ के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को और मजबूत करते हैं।’’ उन्होंने कहा कि उन्होंने इस प्रकार के हमलों से निपटने के लिए कई कदम उठाने का प्रस्ताव रखा है। फ्रांस, यूरोपीय मित्रों एवं अन्य देशों को बेहतर खुफिया जानकारी प्राप्त करने की कोशिश के लिए अमेरिका के साथ काम करने का इच्छुक होना होगा जिससे उन्हें और अमेरिका को इस प्रकार के हमले रोकने में मदद मिलेगी।
अन्य न्यूज़