कर्नाटक चुनावों में ‘राजनैतिक पर्यटन’ करेंगे मायावती और अखिलेश: BJP
उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव लड़ने जा रही सपा और बसपा पर तंज करते हुए कहा कि अपने सर्वाधिक दुर्दिन देख रही इन पार्टियों के लिए इस दक्षिण भारतीय राज्य का चुनाव ‘राजनैतिक पर्यटन‘ से ज्यादा कुछ नहीं है।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव लड़ने जा रही सपा और बसपा पर तंज करते हुए कहा कि अपने सर्वाधिक दुर्दिन देख रही इन पार्टियों के लिए इस दक्षिण भारतीय राज्य का चुनाव ‘राजनैतिक पर्यटन‘ से ज्यादा कुछ नहीं है। भाजपा के प्रान्तीय प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने यहां एक बयान में कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और बसपा मुखिया मायावती के लिए कर्नाटक चुनाव महज राजनैतिक पर्यटन है। सपा और बसपा का मुख्य आधार उत्तर प्रदेश रहा है और इसी प्रदेश में उनकी हालत खस्ता है।
ये दोनों पार्टियां अपनी स्थापना काल के बाद से अब तक के सर्वाधिक दुर्दिन झेल रही हैं। उन्होंने कहा कि सपा और बसपा का कर्नाटक में ना तो कोई जनाधार है और ना ही संगठन। जातीय राजनीति करने वाले सपा-बसपा के लिए कर्नाटक में कोई आधार नहीं है। ऐसे में इस राज्य के विधानसभा चुनाव इन दोनों पार्टियों के लिये मन का बहलावा ही है। त्रिपाठी ने कहा कि जब से अखिलेश यादव ने अपने पिता मुलायम सिंह यादव को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से हटाकर कमान अपने हाथों में ली है तबसे सपा लगातार कमजोर हुई है।
अन्य न्यूज़