अमित शाह ने कर्नाटक के बादामी में किया विशाल रोड शो

Amit Shah performed huge road show in Badami in Karnataka
[email protected] । May 10 2018 6:08PM

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आज बादामी में एक विशाल रोड शो किया। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया चामुंडेश्वरी सीट के अलावा इस क्षेत्र से भी विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं।

बादामी (कर्नाटक)। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आज बादामी में एक विशाल रोड शो किया। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया चामुंडेश्वरी सीट के अलावा इस क्षेत्र से भी विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। उत्तर कर्नाटक के बादामी शहर में शाह ने पार्टी के लिए आखिरी जोर लगा दिया। भाजपा इस दक्षिणी राज्य में सत्ता में वापसी करना चाहती है। दक्षिण भारत में यही एक मात्र राज्य है , जिसमें भाजपा कभी शासन में रही थी। रोड शो के दौरान पार्टी के हजारों कार्यकर्ता भगवा रंग की टोपी पहने हुए थे। वे ढोल - नगाड़ों की आवाज के साथ नृत्य कर रहे थे। वे लोग भाजपा को सत्ता में लाने और सिद्धारमैया को हराने के नारे लगा रहे थे। सिद्धारमैया मैसुरू के चामुंडेश्वरी सीट से भी चुनाव लड़ रहे हैं। शाह की रैली के दौरान पार्टी कार्यकर्ता सड़कों पर उमड़ पड़े जिससे दो घंटे से अधिक समय तक समूचा बादामी शहर में यातायात रूक गया। गर्मी की परवाह नहीं करते हुए पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रैली के मार्ग पर पूरे उत्साह से मार्च किया। 

एक बस पर ढेर सारे गेंदे के फूल लगाए गए थे, जिससे वह एक भगवा रथ की तरह दिख रही थी। इस पर शाह, भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार बीएस येदियुरप्पा और बादामी से पार्टी के उम्मीदवार बी श्रीमालू सवार थे। राज्य में 12 मई को होने वाले मतदान से ठीक पहले शाह ने बादामी में मतदाताओं को लुभाने की आखिरी कोशिश की। यह सीट भाजपा और कांग्रेस , दोनों के लिए महत्वपूर्ण है। यह कयास लगाया जा रहा है कि चामुंडेश्वरी में जातीय जोड़ घटाव ने सिद्धारमैया को उत्तर कर्नाटक में यह सुरक्षित सीट चुनने के लिए मजबूर किया। सिद्धारमैया चामुंडेश्वरी सीट पर जीटी देवगौड़ा के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। इस इलाके में वोक्कालिगा समुदाय का वर्चस्व है। वहीं, बादामी में सिद्धारमैया को कड़ी चुनौती देने के लिए भाजपा ने इस शहर के अनुसूचित जनजाति के नेता श्रीमालू को अपना उम्मीदवार बनाया है। 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़