कांग्रेस एक ‘डील पार्टी’ है, अब इसे कोई बचा नहीं सकता: PM मोदी

Modi dubs Cong a 'deal party', says no one can save it
[email protected] । May 7 2018 11:53AM

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए इसे एक ‘डील पार्टी’ बताया। साथ ही, उन्होंने कहा कि इसे पूरे देश से उखाड़ फेंका जा रहा है और इसे अब कोई भी नहीं बचा सकता।

चित्रदुर्ग। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए इसे एक ‘डील पार्टी’ बताया। साथ ही, उन्होंने कहा कि इसे पूरे देश से उखाड़ फेंका जा रहा है और इसे अब कोई भी नहीं बचा सकता। कर्नाटक के चित्रदुर्ग, रायचूर, जमखांडी और हुबली में लगातार चार चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि यह समाज को विभाजित करने की साजिश के तहत इतिहास से छेड़छाड़ कर रही है।

भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार बीएस येदियुरप्पा के खिलाफ ‘‘बेबुनियाद’’ आरोप लगाने को लेकर कांग्रेस पर पलटवार करते हुए मोदी ने उसे नेशनल हेराल्ड मामले की याद दिलाई, जिसमें मां-बेटे (सोनिया गांधी और राहुल) घोटाला के आरोपों का सामना कर रहे हैं और जमानत पर हैं। उन्होंने कहा, ‘ऐसी पार्टी जिसके प्रमुख जमानत पर हैं, क्या वह हमसे सवाल पूछ रही है।’ उन्होंने कहा कि येदियुरप्पा ने अदालतों का सामना किया है।

चित्रदुर्ग की रैली में मोदी ने वोट बैंक की राजनीति की खातिर सुल्तानों की जयंतियां मनाने को लेकर कांग्रेस की आलोचना की। मोदी का इशारा संभवत: 18वीं सदी के मैसूर के शासक टीपू सुल्तान की याद में हर साल 10 नवंबर को ‘टीपू जयंती’ मनाने के राज्य की सिद्धरमैया सरकार के फैसले की ओर था। मोदी ने कांग्रेस पर भ्रष्टाचारियों को बचाने, बांटो और राज करो की नीति अपनाने, झूठे वादे करने और मोदी को गाली देने के सिवा कोई एजेंडा नहीं होने के आरोप लगाए।

महाराष्ट्र और त्रिपुरा सहित कांग्रेस की चुनावी हार को गिनाते हुए उन्होंने कहा, ‘देश के हर कोने से कांग्रेस जा चुकी है।’ उन्होंने भीड़ से पूछा, ‘...और कर्नाटक में?’ इसके जवाब में भीड़ ने कहा कि इस दक्षिणी राज्य से भी कांग्रेस का सफाया हो जाएगा। मोदी ने कहा, ‘अब वे नहीं बच सकते। कांग्रेस को अब कोई नहीं बचा सकता। 70 वर्षों से उन्होंने लोगों को गुमराह किया है और बेवकूफ बनाया है।’

राज्य में 12 मई को चुनाव होंगे और वोटों की गिनती 15 मई को होगी। चित्रदुर्ग में अपनी रैली में मोदी ने एक मंत्री का नाम लिए बगैर उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों का जिक्र करते हुए कहा, ‘कांग्रेस ऐसी पार्टी है जिसके पास न तो दिल है न ही वह दलित समर्थक है। वह एक ‘डील’ पार्टी है।’ रायचूर में उन्होंने कहा कि कांग्रेस का ‘‘नया मंत्र झूठ फैलाना है।’’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस दलितों ‘‘को गुमराह कर रही है और झूठ फैला रही है।

मोदी ने जमखांडी में कहा कि गांव में पले बढ़े एक गरीब मां के बेटे रामनाथ कोविंद को राष्ट्रपति बने एक साल होने को है लेकिन मैडम सोनिया जी को उनसे शिष्टाचार मुलाकात करने के लिए वक्त नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति दलित हो सकते हैं लेकिन उनका पद एक संस्था है और 70 साल तक देश पर शासन करने वाली कांग्रेस के पास इतना विवेक नहीं है।

मोदी ने कांग्रेस पर कर्नाटक को धर्म, भाषा और संप्रदाय के आधार पर बांटने की कोशिश करने का आरोप लगाया। हम कर्नाटक को बंटने नहीं देंगे। वह संभवत: वीरशैव और वीरशैव लिंगायत को धार्मिक अल्पसंख्यक का दर्जा दिए जाने का जिक्र कर रहे थे। दरअसल, इन समुदायों को भाजपा का परंपरागत वोट बैंक माना जाता है। मोदी ने दो जगहों से चुनाव लड़ने को लेकर सिद्धरमैया पर निशाना साधते हुए कहा कि वह चामुंडेश्वरी सीट से भाग गए हैं ताकि वह बच जाएं और यहां बादामी आ जाएं। उन्होंने भीड़ से कहा कि वे यहां से भी उन्हें विदा करें।

उन्होंने कहा कि कर्नाटक चुनाव कांग्रेस के बुरे कर्मों और लोगों की आकांक्षाओं के बीच एक मुकाबला है। उन्होंने कहा कि एक ओर जहां भाजपा का मंत्र ‘सबका साथ सबका विकास’ है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस एक परिवार के लिए ही सबकुछ करने में यकीन रखती है। टीपू जयंती को लेकर कांग्रेस पर चित्रदुर्ग में हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के चरित्र को देखिए... उन लोगों की जयंती मनाए जाने की जरूरत है जिनसे हम पीढ़ी दर पीढ़ी प्रेरणा लेते हैं। लेकिन वे लोग उनकी जयंती मनाने के बारे में नहीं सोच सकते हैं।

उन्होंने कहा कि वीरा मादकरी और ओनेक ओबावा को भूला दिया गया लेकिन वोट बैंक की राजनीति की खातिर वे लोग सुल्तानों की जयंतियां मना रहे हैं। दलित महिला ओनेक ओबावा चित्रदुर्ग के अंतिम शासक मदकरी नायक की सेना के एक सैनिक की पत्नी थीं। कहा जाता है कि उन्होंने अकेले ही 1779 में टीपू सुल्तान के पिता हैदर अली की सेना के कई सैनिकों को मार गिराया। हालांकि, हैदर के सैनिकों ने उनकी हत्या कर दी। 

मोदी ने कहा कि टीपू जयंती मना कर कांग्रेस ने कर्नाटक और चित्रदुर्ग के लोगों का अपमान किया है। उसने चित्रदुर्ग के लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ किया है। हुबली में मोदी ने कहा कि भाजपा के पास देश और कर्नाटक के लिए सपना है। उन्होंने कांग्रेस से पूछा कि उसका क्या सपना है? उनके लिए दुनिया परिवार से शुरू होती है और परिवार के साथ खत्म हो जाती है। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस की दुनिया वंशवाद और भ्रष्टाचार में है। हमारा लक्ष्य देश को इससे निजात दिलाना है।’

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़