राहुल 4 साल का हिसाब मांग रहे हैं, बताएं कांग्रेस ने 50 सालों में क्या किया: शाह
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी मोदी सरकार के चार साल के कामकाज का हिसाब मांग रहे हैं जबकि देश जानना चाहता है
गाजियाबाद। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी मोदी सरकार के चार साल के कामकाज का हिसाब मांग रहे हैं जबकि देश जानना चाहता है कि कांग्रेस ने 50 सालों में क्या किया। शाह ने कहा कि उनकी पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार की प्राथमिकता देश की सीमाओं को सुरक्षित करना और कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति के तहत आतंकवाद से सख्ती से निपटना है। भाजपा अध्यक्ष यहां एक निजी संस्थान में पार्टी के महिला मोर्चे की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे।
किसी का नाम लिये बगैर उन्होंने कहा कि जब हमारा दुश्मन उस घटना को भूल गया जिसमें सीमा पर उसकी सेना द्वारा हमारे जवानों का सिर कलम कर दिया गया था तब भारत ने उस घटना का बदला लेने के लिये सर्जिकल स्ट्राइक की। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुये उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पूछते हैं कि मोदी सरकार ने चार सालों में क्या किया ? देश यह जानना चाहता है कि कांग्रेस ने अपने शासन वाले 50 सालों में क्या किया।
भाजपा सरकार युवाओं को स्वरोजगार देने के लिये उन्हें कर्ज उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल इस पर पकौड़ों की बात करते हुये निशाना साधते हैं। कोईभी काम जिसमें कठिन परिश्रम शामिल हो उसे गरिमापूर्ण माना जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार भ्रष्टाचार में डूबी थी। शाह ने कहा कि भारत आने वाले वर्षों में जलवायु परिवर्तन सम्मेलन का नेतृत्व करेगा।
अन्य न्यूज़