#MeToo: भाजपा का दूसरा विकेट गिरा, उत्तराखंड पार्टी महामंत्री संजय कुमार की छुट्टी

-metoo-bjp-s-second-wicket-dropped-uttarakhand-party-chief-minister-sanjay-kumar-s-leave
[email protected] । Nov 9 2018 8:57AM

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अजय भट्ट ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘कुमार ने पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से उन्हें पद से हटाये जाने का लिखित अनुरोध किया था और उनका अनुरोध स्वीकार कर लिया गया है।’’

देहरादून। उत्तराखंड में सत्ताधारी भाजपा ने कथित यौन उत्पीड़न विवाद में फंसे संजय कुमार को प्रदेश पार्टी महामंत्री (संगठन) के पद से हटाने की बृहस्पतिवार को पुष्टि की। हालांकि, कांग्रेस ने इस मामले में कुमार के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किये जाने की मांग को लेकर प्रदेशभर में प्रदर्शन किया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अजय भट्ट ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘कुमार ने पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से उन्हें पद से हटाये जाने का लिखित अनुरोध किया था और उनका अनुरोध स्वीकार कर लिया गया है।’’

पार्टी की एक महिला कार्यकर्ता ने पिछले सप्ताह कुमार पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था जिससे भाजपा के सामने असहज स्थिति पैदा हो गयी थी। वरिष्ठ भाजपा नेता को पद से हटा दिये जाने की चर्चायें तीन नवंबर से ही चल रही थीं। हांलाकि मामला प्रदेश के महामंत्री (संगठन) से जुड़ा होने का हवाला देते हुए पार्टी नेता इस पर कुछ बोलने को तैयार नहीं थे। इस बीच, कुमार को पार्टी पद से हटाये जाने की कार्रवाई को अपर्याप्त बताते हुए मुख्य विपक्षी कांग्रेस ने आज प्रदेशभर में भाजपा की राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें तत्काल गिरफतार करने की मांग की।

राजधानी देहरादून में भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शन किया और राज्य सरकार का पुतला फूंका ।इस मौके पर सिंह ने कहा कि एक भाजपा महिला कार्यकर्ता द्वारा अपने ही दल के वरिष्ठ नेता पर लगाये गये यौन उत्पीड़न के आरोप बहुत गंभीर हैं और पूरे प्रदेश की मातृशक्ति का अपमान हैं ।उन्होंने आरोप लगाया कि प्रकरण के प्रकाश में आने के बाद से अब तक भाजपा सरकार ने कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की है। 

सिंह ने कहा, ‘‘ कांग्रेस पार्टी इस प्रदर्शन के माध्यम से मांग करती है कि भाजपा नेता के खिलाफ शीघ्र यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज किया जाये तथा उन्हें तत्काल गिरफतार किया जाये।’’ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पिछले एक महीने के अन्दर भाजपा के तीन वरिष्ठ पदाधिकारियों पर महिलाओं के कथित यौन उत्पीड़न के आरोपों की शर्मनाक खबरों ने समाज में राजनीति कर रही महिलाओं की छवि को धूमिल करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि एक तरफ भाजपा 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' का झूठा नारा देती है और वहीं आज महिलाएं भाजपा शासित राज्यों में सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़