फिर से व्यस्त हो गए आसमान और हवाई अड्डे, 26 मई को 62,641 लोगों ने की यात्रा: पुरी

Hardeep Singh Puri

नागर विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने ट्वीट किया कि हमारा आसमान और हवाईअड्डे फिर से व्यस्त हो गए। भारत में घरेलू यात्री उड़ानें बहाल होने के दूसरे दिन, 26 मई को, हमारे हवाईअड्डों से 62,641 लोगों ने यात्रा की।

नयी दिल्ली। नागर विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बुधवार को कहा कि मंगलवार को कुल 445 घरेलू उड़ानों का संचालन हुआ जिनमें 62,641 लोगों ने यात्रा की। उन्होंने कहा कि भारत में घरेलू विमान सेवाओं की बहाली के दूसरे दिन हवाईअड्डों पर सारा कामकाज सुगमता से हुआ। सोमवार को देश में करीब 438 विमानों ने उड़ान भरी थी। देश में दो महीने के अंतराल के बाद सोमवार को घरेलू यात्री उड़ान सेवाएं बहाल हुई थीं। इससे पहले नोवेल कोरोना वायरस महामारी के कारण लगे लॉकडाउन के बीच देश में 25 मार्च से 24 मई तक सभी निर्धारित घरेलू यात्री उड़ान सेवाएं निलंबित थीं। 

इसे भी पढ़ें: देश में दो महीने बाद फिर से शुरू हुईं घरेलू विमान सेवाएं, 630 उड़ानें रद्द हुईं 

पुरी ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘हमारा आसमान और हवाईअड्डे फिर से व्यस्त हो गए। भारत में घरेलू यात्री उड़ानें बहाल होने के दूसरे दिन, 26 मई को, हमारे हवाईअड्डों से 62,641 लोगों ने यात्रा की। सभी हवाईअड्डों पर सुगमता से कामकाज हुआ। केवल छह प्रस्थान उड़ानों का समय बदला गया।’’ देश में पश्चिम बंगाल के विमानपत्तन को छोड़कर सभी हवाईअड्डों से घरेलू यात्री उड़ानों के परिचालन की अनुमति है। पिछले दिनों तूफान अम्फान से प्रभावित हुए पश्चिम बंगाल ने सोमवार से घरेलू उड़ानों की बहाली का विरोध किया था। 

इसे भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल, आंध्र को छोड़कर पूरे देश में आज से उड़ानें शुरू, हैदराबाद, चेन्नई में सीमित परिचालन 

केंद्र सरकार ने रविवार रात को घोषणा की कि पश्चिम बंगाल में घरेलू यात्री उड़ान सेवाएं बृहस्पतिवार से शुरू होंगी। महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु जैसे कुछ अन्य राज्यों ने भी कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर उड़ानों की बहाली पर विरोध जताया था। केंद्र सरकार ने रविवार रात को कहा था कि इन राज्यों के हवाईअड्डों पर सोमवार से अपेक्षाकृत कम संख्या में उड़ानों का परिचालन होगा। इस कारण से आखिरी समय में सैकड़ों उड़ानें निरस्त कर दी गयीं और यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। सोमवार को करीब 630 घरेलू उड़ानों को निरस्त किया गया था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़