आप को हरियाणा में कमतर आंक रही हैं पार्टियां: अरविंद केजरीवाल

aap-have-been-judging-less-in-haryana-arvind-kejriwal
[email protected] । Oct 24 2018 10:34AM

केजरीवाल ने कहा कि आप, भाजपा, कांग्रेस और इनेलो जैसी पार्टियों का व्यवहारिक विकल्प मुहैया करा सकती है। उन्होंने दावा किया, ‘‘ हरियाणा में 6,200 पंचायतें और सात हजार गांव हैं।

भिवानी (हरियाणा)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में रिकॉर्ड जीत से पहले आम आदमी पार्टी (आप) को विभिन्न पार्टियों ने कमतर आंका था और यही अब हरियाणा में किया जा रहा है, लेकिन यहां पार्टी का ग्राफ बढ़ रहा है। केजरीवाल ने यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘ कई पार्टियां हमारा मजाक उड़ाती हैं और हमसे कहती हैं कि हमारा हरियाणा में कोई आधार नहीं है। उन्होंने दिल्ली में भी ऐसा ही किया जब वह कहती थी कि कोई भी हमें वोट नहीं देगा, लेकिन दिल्ली के लोगों ने हमें वोट और जबर्दस्त बहुमत दिया।’’ 

केजरीवाल ने कहा कि आप, भाजपा, कांग्रेस और इनेलो जैसी पार्टियों का व्यवहारिक विकल्प मुहैया करा सकती है। उन्होंने दावा किया, ‘‘ हरियाणा में 6,200 पंचायतें और सात हजार गांव हैं। सात हजार गांवों में से 4,500 गांवों के परिवारों ने बोर्ड लगाकर कहा है कि वह आप के साथ हैं।’’ आप के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा, ‘‘ यह देखकर इनेलो, भाजपा और कांग्रेस की नींद उड़ गई है और वे अपने बोर्डों के साथ लोगों के पास पहुंच रहे हैं लेकिन लोग उन्हें भगा रहे हैं।’’ 

हिसार के पास सिवानी मंडी इलाके से ताल्लुक रखने वाले केजरीवाल आप के दिल्ली के शासन के मॉडल, खासतौर, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए काम और किसानों तथा रक्षा बलों के कल्याण के लिए उठाए गए कदमों को हरियाणा में भुनाने की कोशिश में लगे हुए हैं। आप नेता ने सोमवार को झज्जर के बेरी शहर में कुछ सरकारी स्कूलों का दौरा किया और वहां पर जनसभा को संबोधित किया।

केजरीवाल ने कहा, ‘‘ मैंने आज चार स्कूलों का दौरा किया। हम कल बेरी गए थे। सरकारी स्कूल खराब हालत में है। एक स्कूल में हम आज गए थे वो जर्जर हालत में था। उसमें सुविधाओं की कमी थी। एक तरह से वे लाखों बच्चों के भविष्य से खेल रहे हैं।’’ खट्टर सरकार पर हमला करते हुए आप नेता ने कहा कि दिल्ली सरकार ने फसल नुकसान पर किसानों को पर्याप्त मुआवजा दिया लेकिन हरियाणा में भाजपा सरकार को किसानों के कल्याण की चिंता नहीं है। केजरीवाल के साथ उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी थे।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़