दिग्विजय के बाद कमलनाथ ने भी मांगा बालाकोट में किए गए हवाई हमले का सबूत

after-digvijay-kamal-nath-has-also-sought-proof-of-airstrikes-in-balakaot
[email protected] । Mar 7 2019 6:47PM

इससे पहले, कमलनाथ ने वर्ष 1993 से अब तक देश में हुए विभिन्न आतंकवादी हमलों का जिक्र करते हुए भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘सबसे ज्यादा आतंकी हमले अपने देश में कब हुए?

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बृहस्पतिवार को कहा कि पाकिस्तान की सरजमीं पर ‘जैश ए मोहम्मद’ के ठिकानों पर भारतीय वायुसेना के हमले के बारे में केन्द्र सरकार को देश के सामने सब कुछ (सभी सबूत) रख देना चाहिए, ताकि इस संबंध में सारी शंकाएं दूर हो जाए। कमलनाथ ने बालाकोट में आतंकवादी प्रशिक्षण ठिकानों पर भारतीय वायुसेना द्वारा बम गिराए जाने के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में यहां कहा, ‘‘देखिये, आज एयर स्ट्राइक पर ये शक-शंका क्यों हो रही है? पहले भी ये स्ट्राइक (हमले) हुए हैं। पहले भी कई ऐसी घटनाएं हुई हैं। कोई सबूत तो मांगता नहीं था।’’ उन्होंने कहा कि देश में यह शंका का विषय बन गया है। विदेशी न्यूज एजेंसियों और ‘व्हाट्सएप’ पर जो कुछ चल रहा है, उस शक - संदेह की स्थिति को दूर करने की जरूरत है। 

कमलनाथ ने कहा, ‘‘मेरा मानना है कि सरकार को, जिन्होंने इतनी बातें कही है, इस बारे में भी देश के सामने सब कुछ (सबूत) रख देना चाहिए।’’ कमलनाथ ने आगे कहा, ‘‘इसमें कोई गुप्त चीज नहीं है...पाकिस्तान से तो गुप्त है नहीं, क्योंकि यह हमला पाकिस्तान में हुआ था। तो फिर किससे गुप्त रख रहे हैं? आज इसका खुलासा कर दीजिए कि ... ये इमारतें थी, ये कैंप थे, इतने लोग (आतंकी) मारे गए। यह खुलासा करने में क्या परेशानी है? मैं समझ नहीं पा रहा ।’’ उन्होंने कहा कि आजकल सब कुछ जीपीएस पर मौजूद है। सैटेलाइट फोटोग्राफी का दौर है और एयर चीफ मार्शल ने भी कह दिया है कि हमने लक्ष्य पर हमला किया था।

इसे भी पढ़ें: भारत की मेहनत रंग लाई, हाफिज सईद की अपील को संयुक्त राष्ट्र ने ठुकराया

इससे पहले, कमलनाथ ने वर्ष 1993 से अब तक देश में हुए विभिन्न आतंकवादी हमलों का जिक्र करते हुए भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘सबसे ज्यादा आतंकी हमले अपने देश में कब हुए? केन्द्र में किसकी सरकार थी, जिसके समय ये आतंकी हमले हुए? इसकी भी पूरी सूची मेरे पास है। लेकिन मैं उसे पढ़ना नहीं चाहता।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जो आज कह रहे हैं कि केवल हमारे नेतृत्व (नरेंद्र मोदी के) में देश सुरक्षित है, इसका मतलब 5 साल पहले और पिछले 70 साल में देश सुरक्षित नहीं था। देश को इस तरह से गुमराह करने को मैं सही नहीं समझता क्योंकि आंकड़े और सच्चाई कुछ और ही हैं।’’ कमलनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा, ‘‘...आजादी के बाद हमारे पूरे रक्षा बलों को किसने बनाया? इंडियन मिलेटरी एकेडमी किसने बनाई? नेशनल डिफेंस एकेडेमी किसने बनाई? सैनिक स्कूल किसने बनाये? क्या ये सब भाजपा ने बनाये? क्या मोदीजी ने बनाए?’’ उन्होंने कहा, ‘‘(भाजपा का) एक सदस्य भी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नहीं है और वे (भाजपा के लोग) राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ाने आये हैं।’’

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़