अमित शाह ने इंदौर में मांगा भाजपा के लिए समर्थन, चुनावी बिगुल फूंका

amit-shah-election-results-in-madhya-pradesh
[email protected] । Oct 6 2018 2:24PM

मध्यप्रदेश में लगातार चौथी बार सरकार बनाने की चुनौती का सामना कर रही सत्तारूढ़ भाजपा ने आसन्न विधानसभा चुनावों के लिये अपने जन सम्पर्क अभियान का शनिवार से आगाज किया।

इंदौर। मध्यप्रदेश में लगातार चौथी बार सरकार बनाने की चुनौती का सामना कर रही सत्तारूढ़ भाजपा ने आसन्न विधानसभा चुनावों के लिये अपने जन सम्पर्क अभियान का शनिवार से आगाज किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने इंदौर से इस मुहिम की औपचारिक शुरूआत की। मध्यप्रदेश में भाजपा के महा जन सम्पर्क अभियान की शुरूआत के दौरान शाह ने सूबे की वाणिज्यिक राजधानी के राजबाड़ा इलाके में आम लोगों से भाजपा के लिये चुनावी समर्थन मांगा।

उन्होंने यहां पूर्व होलकर राजवंश के ऐतिहासिक राजबाड़ा महल के सामने अहिल्या बाई होलकर की प्रतिमा को माला पहनाकर भाजपा की चुनावी मुहिम की शुरूआत की। इसके बाद उन्होंने पास ही स्थित प्राचीन महालक्ष्मी मंदिर में पूजा-अर्चना की। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने राजबाड़ा महल के पास घने व्यापारिक इलाके में लोगों से अपील की कि वे आगामी विधानसभा चुनावों में उनकी पार्टी को वोट दें।

शाह ने भाजपा के जन सम्पर्क अभियान की शुरूआत राजबाड़ा इलाके में पान की एक मशहूर दुकान से की। पान वाले ने भाजपा अध्यक्ष को पान का मीठा बीड़ा पेश किया और उनका स्वागत किया। भाजपा अध्यक्ष अपने वाहन के दरवाजे पर खड़े हुए और हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। शाह की अगुवाई में यह चुनावी जुलूस राजबाड़ा महल से कृष्णपुरा छत्री तक करीब आधे किलोमीटर के रास्ते पर निकाला गया।

इस दौरान लोकसभा अध्यक्ष और स्थानीय सांसद सुमित्रा महाजन, राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राकेश सिंह भी शाह के साथ थे। शाह ने मालवा-निमाड़ अंचल के सबसे बड़े शहर इंदौर से भाजपा की चुनावी मुहिम की शुरूआत की। पश्चिमी मध्यप्रदेश के इस हिस्से को भाजपा का गढ़ माना जाता है। लेकिन सियासत के जानकारों का कहना है कि अलग-अलग समीकरणों से बदले हालात में भाजपा के सामने आगामी विधानसभा चुनावों में इस क्षेत्र में अपना वर्चस्व बचाने की चुनौती है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़