अमित शाह का आरोप, आकाश से पाताल तक हर जगह कांग्रेस ने किया भ्रष्टाचार

amit-shah-s-allegation-congress-has-done-corruption-everywhere-from-the-sky
[email protected] । Nov 27 2018 8:37PM

विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार अभियान में जुटे शाह ने जालौर, सिरोही, पाली तथा उदयपुर में जनसभाएं की और उनके निशाने पर कांग्रेस तथा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी रहे।

जयपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने वंशवाद और परिवारवाद को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मंगलवार को कहा कि उसने आकाश से लेकर पाताल तक भ्रष्टाचार किया है। विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार अभियान में जुटे शाह ने जालौर, सिरोही, पाली तथा उदयपुर में जनसभाएं की और उनके निशाने पर कांग्रेस तथा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी रहे।

पाली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने हर जगह भ्रष्टाचार किया। शाह ने कहा,‘‘ कांग्रेस वालों की एक बात माननी पड़ेगी कि इन्होंने जो भ्रष्टाचार किया था वह समानता से किया .. अंतरिक्ष से लेकर आकाश, भूमि, सागर व पाताल तक। अंतरिक्ष में उन्होंने टूजी और इसरो का घोटाला किया, आकाश में वेस्टलैंड हेलीकाप्टर का घोटाला किया, भूमि पर आदर्श सोसायटी घोटाला किया। सबमरीन खरीदने का घोटाला सागर में किया और पाताल में कांग्रेसी कोयला भी चोरी कर खा गये।’’

शाह ने कहा,' सभी जगह भ्रष्टाचार करने वाली कांग्रेस पार्टी आज हमारा हिसाब मांग रही है।' इसके साथ ही उन्होंने महागठबंधन को 'भ्रष्टाचार कर जनता की संपत्ति लूटने वालों का गठबंधन' बताया।


यह भी पढ़ें: कांग्रेसी गुस्सा होते रहें, मैं तो जनता की जिंदगी में बदलाव लाकर रहूंगा: शिवराज

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने देश को सुरक्षित करने का काम किया है। एनआरसी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ‘‘2018 में राजस्थान में भाजपा की सरकार बनाओ तथा 2019 में केंद्र में मोदी जी की सरकार बनाओ और इसके बाद हम कश्मीर से कन्याकुमारी और असम से गुजरात तक एक-एक घुसपैठिए को चुन चुन कर देश से निकालने का काम करेंगे। यह भाजपा का संकल्प है।’’ शाह के अनुसार परिवारवाद की राजनीति करने वाले लोग प्रधानमंत्री मोदी के मां बाप पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वंशवाद की राजनीति को इस देश की राजनीति से उखाड़कर फेंक देने का समय आ गया है।

यह भी पढ़ें: नहीं माने बड़बोले सिद्धू, पाकिस्तान में उठा दिया राफेल मुद्दा

केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए शाह ने विश्वास जताया कि राजस्थान में फिर एक बार भाजपा की सरकार बनने वाली है। उन्होंने कहा,‘मैं डंके की चोट पर कहना चाहता हूं कि यहां फिर एक बार भाजपा की सरकार बनने वाली है।’’

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़