देश में एक करोड़ से अधिक किशोरों को कोविड-19 रोधी टीके की दी गई खुराक: सरकार

Anti Covid vaccine

मंत्रालय के मुताबिक अब तक 1,24,02,515 किशोरों को कोविड-19 रोधी टीके की खुराक दी जा चुकी है। सभी उम्र समूहों को मिलाकर देश में अब तक 148.58 करोड़ से अधिक (1,48,58,19,491) खुराक दी गई है।

नयी दिल्ली। देश में तीन जनवरी से 15-18 साल के उम्र समूह के लिए टीकाकरण की शुरुआत के बाद से एक करोड़ से अधिक किशोरों को कोविड-19 रोधी टीके की खुराक दी गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय के मुताबिक अब तक 1,24,02,515 किशोरों को कोविड-19 रोधी टीके की खुराक दी जा चुकी है। सभी उम्र समूहों को मिलाकर देश में अब तक 148.58 करोड़ से अधिक (1,48,58,19,491) खुराक दी गई है। मंत्रालय ने कहा कि बुधवार को शाम सात बजे तक 82,26,211 खुराक दी गई। इनमें 15-18 उम्र समूह के किशोरों को दी गई 37,44,635 खुराक भी शामिल हैं। रात में अंतिम रिपोर्ट मिलने के साथ टीकाकरण की संख्या में बढ़ोतरी की संभावना है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने ट्वीट कर किशोरों में टीकाकरण के प्रति उत्साह की प्रशंसा की और उन्हें इस उपलब्धि पर बधाई दी। मंत्री ने सभी पात्र किशोरों से भी जल्द से जल्द टीकाकरण कराने की अपील की। देश में पिछले साल 16 जनवरी से कोविड-19 रोधी टीकाकरण की शुरुआत हुई थी। पहले चरण में स्वास्थ्यकर्मियों का टीकाकरण हुआ और दो फरवरी 2021 से अग्रिम मोर्चे के कर्मियों को खुराक देने की शुरुआत की गई। बाद के चरण में अलग-अलग उम्र समूह के लिए टीकाकरण अभियान आरंभ किया गया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़