अरुणाचल के मुख्यमंत्री ने बांध विरोधी कार्यकर्ताओं पर गलत सूचना फैलाने का आरोप लगाया

Pema Khandu
प्रतिरूप फोटो
ANI

परियोजना का वास्तविक उद्देश्य सियांग नदी के प्राकृतिक प्रवाह को बनाए रखना और बाढ़ के खतरे को कम करना है। उन्होंने कहा, यदि लोग इसके खिलाफ हैं तो राज्य सरकार इस परियोजना पर काम शुरू नहीं करेगी।

अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने शुक्रवार को सियांग अपर बहुउद्देशीय परियोजना (एसयूएमपी) का विरोध कर रहे बांध विरोधी कार्यकर्ताओं की आलोचना की।

उन्होंने कार्यकर्ताओं पर परियोजना के लाभों के बारे में सटीक जानकारी दिए बिना लोगों को भ्रमित करने का आरोप लगाया। उन्होंने यह बात पश्चिमी सियांग जिले में आलो के निकट पाया में गैलो वेलफेयर सोसाइटी (जीडब्ल्यूएस) की रजत जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में कही।

खांडू ने कहा कि यह राष्ट्रीय महत्व की एक बहुउद्देशीय परियोजना है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य केवल जल विद्युत उत्पादन करना नहीं है। खांडू ने कहा, जलविद्युत उत्पादन इस परियोजना का उप-उत्पाद है।

परियोजना का वास्तविक उद्देश्य सियांग नदी के प्राकृतिक प्रवाह को बनाए रखना और बाढ़ के खतरे को कम करना है। उन्होंने कहा, यदि लोग इसके खिलाफ हैं तो राज्य सरकार इस परियोजना पर काम शुरू नहीं करेगी।

हालांकि, उन्होंने लोगों से आगे आकर इस परियोजना के बारे में चर्चा करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि चीन ने पहले ही भारतीय सीमा के निकट तिब्बत में ब्रह्मपुत्र नदी पर विश्व के सबसे बड़े बांध के निर्माण को मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा कि यदि चीन बांध से पानी छोड़ता है तो अरुणाचल प्रदेश और असम में इसके गंभीर परिणाम होंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़