कांग्रेस में हताशा का माहौल, गौरव यात्रा को लेकर आमजन में उत्साह: वसुंधरा

atmosphere-of-desperation-in-congress-says-vasundhara-raje
[email protected] । Sep 5 2018 8:40AM

राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने कहा कि कांग्रेस में हताशा का माहौल है। इसी हताशा में उन्होंने पीपाड़ में राजस्थान गौरव यात्रा के काफिले पर पथराव किया।

जयपुर। राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने कहा कि कांग्रेस में हताशा का माहौल है। इसी हताशा में उन्होंने पीपाड़ में राजस्थान गौरव यात्रा के काफिले पर पथराव किया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के काफिले पर पथराव किया था। दोनों घटनाओं से साफ है कि वे हताशा में यह सब कर रहे हैं।

राजे ने भाजपा विधायक दल की बैठक में कहा कि अब तक दो संभागों में निकली राजस्थान गौरव यात्रा के दौरान जनता का जो उत्साह नजर आया है उसे बनाए रखना है और विधानसभा एवं आगामी लोकसभा चुनावों में पार्टी के लिए जमकर मेहनत करनी है। मुख्यमंत्री ने विधायकों एवं पार्टी पदाधिकारियों का आह्वान किया कि चार संभागों में निकलने वाली राजस्थान गौरव यात्रा को सफल बनाने के लिए तैयारियों में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि बीकानेर संभाग की यात्रा के दौरान जिन विधायकों और मंत्रियों को जिम्मेदारी दी गई है वे जिलों में ही रहे।

उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति-जनजाति एवं सवर्णों को आपस में लड़ाने की जो कोशिशें हो रही हैं उन्हें हमें नाकाम करना है। हमें लोगों को समझाना होगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा का यह आखिरी सत्र है। इसमें धैर्य रखें और समझदारी के साथ मामलों से निपटें। जो कार्य बाकी हैं सरकार उन्हें पूरा करने की पूरी कोशिश करेगी। मुख्यमंत्री ने विधायकों का आह्वान किया कि राजस्थान गौरव यात्रा के दौरान आमजन का जो उत्साह सड़कों पर नजर आ रहा है उसे बनाए रखें और आगामी विधानसभा एवं लोकसभा चुनावों में पार्टी को भारी बहुमत से जीत दिलाने के लिए जी-जान से जुट जाएं।

बैठक में गृहमंत्री गुलाबचन्द कटारिया, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री वी. सतीश, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, संसदीय कार्यमंत्री राजेन्द्र राठौड़, राज्यमंत्री मंडल के सदस्य एवं भाजपा विधायक उपस्थित थे।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़