बी नवनीत, वी शेषाद्रि पीएमओ में संयुक्त सचिव नियुक्त

[email protected] । Aug 22 2016 5:38PM

वरिष्ठ आईएएस अधिकारी ब्रजेंद्र नवनीत और वी शेषाद्रि को प्रधानमंत्री कार्यालय में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। ऐसा मध्यम स्तर पर भारी फेरबदल के तहत किया गया है।

वरिष्ठ आईएएस अधिकारी ब्रजेंद्र नवनीत और वी शेषाद्रि को प्रधानमंत्री कार्यालय में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। ऐसा मध्यम स्तर पर भारी फेरबदल के तहत किया गया है, जो आज से प्रभावी हुआ। केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में 22 नए संयुक्त सचिव नियुक्त किए गए हैं। इनमें से 18 भारतीय प्रशासनिक सेवा से हैं और शेष अन्य सेवाओं से हैं। कार्मिक एवं प्रशिक्षण (डीओपीटी) विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार नवनीत और शेषाद्रि पीएमओ में निदेशक के तौर पर काम कर रहे हैं। नवनीत को दो जुलाई 2019 तक अपनी पांच साल की केंद्रीय प्रतिनियुक्ति की शेष अवधि के लिए संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है।

आदेश में कहा गया है कि शेषाद्रि का कार्यकाल 21 अगस्त 2018 तक होगा। उनके अलावा आईएएस अधिकारी सैयद अली मुर्तजा रिजवी और आरमेन गिरिधर को कैबिनेट सचिवालय में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। 1999 बैच की महाराष्ट्र कैडर की आईएएस अधिकारी अंशु सिन्हा को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। इसमें कहा गया है कि भारतीय सिविल एकाउन्ट्स सेवा की अधिकारी धारित्री पांडा को अतिरिक्त वित्तीय सलाहकार और रक्षा मंत्रालय में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। आईआरएस अधिकारी दिलीप शर्मा को चुनाव आयोग में तीन साल के लिए महानिदेशक नियुक्त किया गया है। आईएएस अधिकारी रंजीत पुनहानी को श्रम एवं रोजगार मंत्रालय में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है।

आदेश में कहा गया है कि बिहार कैडर के आईपीएस अधिकारी दिनेश बिष्ट को तत्काल प्रभाव से उनके मूल कैडर में भेज दिया गया है। वह अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय में संयुक्त सचिव के तौर पर काम कर रहे थे। आईएएस अधिकारी राखी गुप्ता भंडारी को उनके स्थान पर नियुक्त किया गया है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय में आशीष चटर्जी को नया संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। भारतीय रक्षा लेखा सेवा के अधिकारी आर के सिन्हा को संघ लोक सेवा आयोग में अतिरिक्त सचिव (संयुक्त सचिव स्तर) नियुक्त किया गया है। आदेश में कहा गया है कि आईएएस अधिकारियों अरुण सिंघल, लव अग्रवाल, सुधीर कुमार और नवदीप रिनवा को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। इलेक्ट्रिकल इंजीनियरों की भारतीय रेलवे सेवा के अधिकारी वीजी रेड्डी को यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया में उप महानिदेशक नियुक्त किया गया है। डीओपीटी के आदेश में कहा गया है कि आईएएस अधिकारियों निकुंज किशोर सुंदरे, अली रजा रिजवी, संजय कुमार, सुरेश कुमार वशिष्ट और ई रमेश कुमार को केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है।

We're now on WhatsApp. Click to join.

Tags

    All the updates here:

    अन्य न्यूज़