मध्य प्रदेश में विपक्ष का गठबंधन झूठ और फरेब का गठजोड़: BJP

bjp-attacks-on-alliance-of-opposition-parties-in-mp
[email protected] । Aug 3 2018 8:52PM

मध्यप्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा के खिलाफ कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों की लामबंदी को झूठ और फरेब का गठजोड़ करार देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा ने इस महागठबंधन पर तंज कसा।

इंदौर। मध्यप्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा के खिलाफ कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों की लामबंदी को "झूठ और फरेब का गठजोड़" करार देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा ने इस "महागठबंधन" पर तंज कसा। उन्होंने साल के आखिर में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले इस लामबंदी के बारे में पूछे जाने पर संवाददाताओं से कहा, "अगर 21 साल की उम्र में किसी पुरुष की शादी की जानी है, तो एक-एक साल के 21 लड़कों को जमा करने से काम नहीं चलेगा। शादी के लिये में 21 साल के एक ही व्यक्ति की जरूरत होती है।"

झा ने कहा कि सूबे में भाजपा के खिलाफ विपक्षी दलों का तथाकथित महागठबंधन कुछ और नहीं, बल्कि झूठ और फरेब का गठजोड़ है। उन्होंने सवाल किया, "कोई हमें बताये कि इस महागठबंधन का नेता कौन है।" अगले विधानसभा चुनावों से पहले पूर्व केन्द्रीय मंत्री शरद यादव की मध्यप्रदेश में सक्रियता पर झा ने कहा कि भाजपा शासित सूबे में यादव का कोई सियासी आधार नहीं है।

झा ने प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के प्रमुख ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधते हुए कहा, "पूर्व ग्वालियर घराने की राजमाता विजयाराजे सिंधिया वास्तविक अर्थों में लोकमाता थीं। लेकिन उनके पोते (सिंधिया) देश की मौजूदा लोकतांत्रिक व्यवस्था में भी किसी राजकुमार की तरह बर्ताव कर रहे हैं।"

उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को "उद्योगपति" और "बुजुर्ग नेता" करार देते हुए कहा, "मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपनी जारी चुनावी यात्रा के दौरान आम लोगों के पैर छूकर उनसे आशीर्वाद मांग रहे हैं, जबकि घमंड से भरे कमलनाथ अपने बयानों के जरिये जता रहे हैं कि कांग्रेस को जनता से आशीर्वाद लेने की कोई जरूरत नहीं है।"

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़