येदियुरप्पा को सरकार बनाने का न्यौता, सुबह 9 बजे होगा शपथ ग्रहण
कर्नाटक के राज्यपाल वजुभाई वाला ने भाजपा विधायक दल के नेता बी.एस. येदियुरप्पा को आज देर शाम सरकार बनाने का न्यौता दे दिया। गुरुवार सुबह 9.30 पर राज्यपाल येदियुरप्पा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
बैंगलुरु। कर्नाटक के राज्यपाल वजुभाई वाला ने भाजपा विधायक दल के नेता बी.एस. येदियुरप्पा को आज देर शाम सरकार बनाने का न्यौता दे दिया। राजभवन के सूत्रों ने बताया कि कल यानि गुरुवार सुबह 9.30 पर राज्यपाल येदियुरप्पा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। भाजपा के सूत्रों का कहना है कि शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भाग नहीं लेंगे। वाला ने येदियुरप्पा से मुख्यमंत्री का पदभार संभालने के 15 दिन के अंदर विश्वास मत हासिल करने को भी कहा।
अकेले ही शपथ लेंगे येदियुरप्पा
सूत्रों का कहना है कि येदियुरप्पा अभी अकेले ही शपथ लेंगे। विधानसभा में बहुमत हासिल करने के बाद वह मंत्रिमंडल का गठन करेंगे। येदियुरप्पा ने आज सुबह राज्यपाल से मुलाकात के बाद उन्हें जल्द से जल्द सरकार बनाने का न्यौता देने का आग्रह किया था। येदियुरप्पा तीसरी बार कर्नाटक की कमान संभालेंगे। पहली बार उन्होंने जनता दल सेक्युलर के सहयोग से बनी सरकार की कमान संभाली थी और 2008 में भाजपा को बहुमत मिलने के बाद वह दोबारा मुख्यमंत्री बने थे। भाजपा ने इस बार के विधानसभा चुनावों में येदियुरप्पा को मुख्यमंत्री उम्मीदवार के तौर पर पेश किया था और पार्टी राज्य की 224 सदस्यीय विधानसभा में सर्वाधिक 104 सीटें हासिल कर सबसे बड़ा दल बनी है। राज्य विधानसभा में स्पष्ट बहुमत के लिए 113 विधायकों का समर्थन चाहिए।
राजभवन सूत्रों का कहना है कि राज्यपाल ने येदियुरप्पा को सरकार बनाने का आमंत्रण देने का निर्णय संविधान विशेषज्ञों से चर्चा करने और इस संबंध में उच्चतम न्यायालय के कई फैसलों का अध्ययन करने के बाद किया है।
भड़क गयी कांग्रेस
उधर, कांग्रेस ने नयी दिल्ली में देर रात एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर कहा कि राज्यपाल उच्चतम न्यायालय के आदेश की अवमानना कर रहे हैं। पार्टी नेता कपिल सिब्बल, पी. चिदम्बरम और रणदीप सुरजेवाला ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राज्यपाल कर्नाटक में खरीद-फरोख्त को बढ़ावा दे रहे हैं। कांग्रेस ने कर्नाटक भाजपा के प्रवक्ता के इस दावे को चौंकाने वाला बताया कि बीएस येदियुरप्पा को कल शपथ दिलायी जाएगी। इसके साथ कांग्रेस ने कहा कि यह लोकतंत्र की हत्या करने, संविधान को कुचलने तथा सभी परंपराओं की अनदेखी किए जाने के समान होगा।
कुमारस्वामी का सपना पूरा नहीं हो पाया
इससे पहले आज दोपहर जनता दल सेक्युलर के नेता एचडी कुमारस्वामी ने राज्यपाल से मिलकर उन्हें अपनी पार्टी और कांग्रेस के कुल 117 विधायकों के समर्थन की चिट्ठी सौंपी और कहा कि सरकार बनाने का हक उनका बनता है।
अन्य न्यूज़