पहली सूची में भाजपा ने काटे अपने छह सांसदों के टिकट, जानिए कौन-कौन है शामिल

bjp-denies-tickets-to-6-sitting-mps-in-up
[email protected] । Mar 22 2019 9:00AM

भाजपा ने वीवीआईपी सीट मानी जाने वाली अमेठी लोकसभा की सीट से स्मृति ईरानी को एक बार फिर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गाधी का मुकाबला करने के लिये मैदान में उतारा है।

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा बृहस्पतिवार को जारी लोकसभा उम्मीदवारों की पहली सूची में उत्तर प्रदेश के 28 प्रत्याशियों के नाम घोषित किये गये है। पार्टी ने अपने छह वर्तमान सांसदों के टिकट काट दिये है। इनमें केंद्रीय मंत्री कृष्णा राज, राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग चेयरमैन राम शंकर कठेरिया शामिल है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी तथा राजनाथ सिंह लखनऊ की अपनी पहले की सीटों पर दोबारा किस्मत आजमायेंगे।

इसे भी पढ़ें: पहली बार कटा आडवाणी का नाम, लिस्ट में खंडूरी का नाम भी नहीं शामिल

पार्टी ने वीवीआईपी सीट मानी जाने वाली अमेठी लोकसभा की सीट से स्मृति ईरानी को एक बार फिर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गाधी का मुकाबला करने के लिये मैदान में उतारा है। भाजपा के एक नेता ने बताया कि उत्तर प्रदेश में 80 लोकसभा की सीटें है बाकी सीटों के प्रत्याशियों की घोषणा जल्द ही कर दी जायेगी। आज जारी भाजपा की पहली सूची में कृष्णा राज (शाहजहापुर) और राम शंकर कठेरिया (आगरा सु) के अलावा अंशुल वर्मा (हरदोई सु), बाबू लाल चौधरी (फतेहपुर सीकरी), अंजू बाला (मिश्रिख सु) और सत्यपाल सिंह (संभल) का टिकट काटा गया है।

इन सीटों पर जो नये प्रत्याशी घोषित किये गये है उनमें एसपी सिंह बघेल आगरा,परमेश्वर लाल सैनी संभल, राजकुमार चाहर फतेहपुर सीकरी, जयप्रकाश रावत हरदोई सु, अशोक रावत मिश्रिख सु, और अरुण सागर शाहजहांपुर सु शामिल हैं। पिछले 2014 के लोकसभा चुनाव में वाराणसी में नरेंद्र मोदी को (5,81,022) वोट मिले थे जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वन्दी अरविंद केजरीवाल को (2,09,238) वोट मिले थे और मोदी ने यह चुनाव 3,71,784 वोटो से जीता था। राजधानी लखनऊ की सीट पर राजनाथ सिंह को (5,61,106) वोट मिले थे और उन्होंने कांग्रेस की रीता बहुगुणा जोशी को 2,72,749 वोटों से शिकस्त दी थी । रीता जोशी को 2,88,357 वोट हासिल हुये थे।

इसे भी पढ़ें: भाजपा नेता ने कहा, 65 की उम्र में भी फेशियल करवाती हैं मायावती

वीवीआईपी सीट अमेठी में कांग्रेस प्रत्याशी राहुल गांधी को (4,08,651) वोट मिले थे जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वन्दी भाजपा की स्मृति ईरानी को (3,00,748) वोटों से ही संतोष करना पड़ा था और कांग्रेस ने अपनी इस परंपरागत सीट को 1,07,903 वोटों से जीता था। भाजपा की पहली सूची में उत्तर प्रदेश में जिन लोगों को लोकसभा टिकट दिया गया है उनमें राघव लखनपाल (सहारनपुर),संजीव कुमार बालियान (मुजफफरनगर), कुंवर भारतेंद्र सिंह (बिजनौर), राजेंद्र अग्रवाल (मेरठ), सत्यपाल सिंह (बागपत),विजय कुमार सिंह (गाजियाबाद)और महेश शर्मा (गौतमबुद्ध नगर) शामिल है।

इनमें वीके सिंह केंद्र सरकार में विदेश राज्य मंत्री, महेश शर्मा पर्यटन राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार जबकि सत्यपाल सिंह भी राज्य मंत्री है। वर्तमान में बिजनौर के सांसद कुंवर भारतेंद्र सिंह,संजीव कुमार बालियान (मुजफफरनगर),राघव लखनपाल (सहारनपुर), राजेंद्र अग्रवाल (मेरठ), सत्यपाल सिंह (बागपत), विजय कुमार सिंह (गाजियाबाद) और महेश शर्मा गौतमबुद्ध नगर से चुनाव लड़ेंगे। उत्तर प्रदेश में पहले चरण में 11 अप्रैल को जिन लोकसभा सीटों पर मतदान होना है उनमें बागपत, बिजनौर,गौतमबुद्धनगर,गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और कैराना शामिल है। पार्टी ने अभी कैराना सीट से उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। इस सीट पर भाजपा उप चुनाव हार गयी थी।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़