प्रियंका गांधी ने भाजपा पर साधा निशाना, बोलीं- असम में CAA लागू करने पर साध रखी है चुप्पी

Priyanka Gandhi Vadra

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि कांग्रेस और छह अन्य पार्टियों का महागठबंधन विधानसभा चुनाव के बाद असम में सरकार बनाएगा क्योंकि राज्य के लोग भाजपा के झूठे वादों से आजिज आ गये हैं।

लखीमपुर। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को दावा किया कि भाजपा नेता देश भर में घूम-घूम कर संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) लागू करने की बातें कर रहे हैं, लेकिन असम में आते ही वे इस पर चुप्पी साध लेते हैं। सीएए के खिलाफ असम में 2019 में हिंसक प्रदर्शन हुए थे और उनमें पांच लोगों की जान चली गई थी। प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस और छह अन्य पार्टियों का महागठबंधन विधानसभा चुनाव के बाद असम में सरकार बनाएगा क्योंकि राज्य के लोग भाजपा के झूठे वादों से आजिज आ गये हैं। 

इसे भी पढ़ें: प्रियंका गांधी ने रविदास जयंती पर सीरगोवर्धन स्थित मंदिर में पूजा अर्चना की 

कांग्रेस नेता ने यहां पार्टी कार्यकताओं की बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘चुनाव से पहले भाजपा बड़े-बड़े वादे करती है, लेकिन अगले पांच वर्षों के दौरान वे लोग उन्हें पूरा करने के लिए कुछ नहीं करेंगे और लोगों को यह समझ आ गया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा के नेता देश भर में घूम-घूम कर सीएए लागू करने की बातें कर रहे है।, लेकिन वे असम में आने पर इस बारे में चुप्पी साध लेते हैं। ’’ प्रियंका ने कहा, ‘‘राज्य(असम) में इसका जिक्र करने का उनमें (भाजपा नेताओं में) साहस नहीं है और असम के लोगों को उन्हें (भगवा पार्टी के नेताओं को) इस बारे में कभी बोलने तक नहीं देना चाहिए...।’’ 

इसे भी पढ़ें: प्रियंका गांधी ने भरतपुर मामले में कार्रवाई के लिए अशोक गहलोत को कहा धन्यवाद 

गौरतलब है कि सीएए का उद्देश्य पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से आए ऐसे हिंदू, सिख, जैन, बौद्ध, पारसी और ईसाई समुदाय के लोगों को भारतीय नागरिकता प्रदान करना है, जो उन देशों में धार्मिक प्रताड़ना के चलते 31 दिसंबर 2014 तक भारत आ गए थे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़