भाजपा ने दिल्ली की चारों सीटों पर मौजूदा सांसद पर ही जताया भरोसा

bjp-relying-only-on-four-mps-of-delhi-sitting-mp
[email protected] । Apr 22 2019 9:16AM

तिवारी ने 2009 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के टिकट पर उत्तर प्रदेश की गोरखपुर सीट पर योगी आदित्यनाथ के खिलाफ चुनाव लड़ा था लेकिन उनकी हार हुई थी।

नयी दिल्ली। भाजपा ने रविवार को पांच उम्मीदवारों की सूची जारी की, जिनमें चार नाम दिल्ली के हैं। पार्टी ने केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन समेत चार सांसदों को यहां से फिर टिकट दिया है। सोमवार तक शेष तीन उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए जाएंगे। भाजपा ने चांदनी चौक से हर्षवर्धन को और उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट से प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी को फिर से टिकट दिया है। 64 साल के हर्षवर्धन ने 2014 के लोकसभा चुनाव में चांदनी चौक सीट से आम आदमी पार्टी (आप) के आशुतोष को 1,36,320 वोटों से शिकस्त दी थी। वह 1993 से कृष्णा नगर विधानसभा सीट पर लगातार पांच बार विजयी रहे थे। भोजपुरी गायक एवं अभिनेता तिवारी ने पिछले आम चुनाव में उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट जीती थी। उन्होंने आप के आनंद कुमार को 1,44,084 वोटों से हराया था। इस सीट पर पूर्वांचली और मुस्लिम मतदाताओं की संख्या खासी है।

तिवारी ने 2009 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के टिकट पर उत्तर प्रदेश की गोरखपुर सीट पर योगी आदित्यनाथ के खिलाफ चुनाव लड़ा था लेकिन उनकी हार हुई थी। पार्टी ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहेब सिंह वर्मा के बेटे परवेश वर्मा को पश्चिम दिल्ली से और रमेश बिधुड़ी को दक्षिण दिल्ली से फिर से टिकट दिया है। पिछले लोकसभा चुनाव में वर्मा ने आप के जरनैल सिंह को 2,68,586 वोटों से पराजित किया था। बहरहाल, भाजपा ने अभी उत्तर पश्चिम दिल्ली, नई दिल्ली और पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों का ऐलान नहीं किया है। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि इन सीटों से मौजूदा सांसदों के नामों पर विचार किया जा रहा है। बहरहाल, पार्टी इन सीटों से चेहरों को उतार कर आश्चर्य में डाल सकती है, जैसे पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर को नई दिल्ली सीट। इस सीट से फिलहाल मीनाक्षी लेखी सांसद हैं।

इसे भी पढ़ें: देशवासियों से मोदी की अपील, बोले- आतंकवाद के खात्मे के लिए दें भाजपा को वोट

पार्टी ने कहा कि हर्षवर्धन, तिवारी और वर्मा सोमवार को अपने-अपने नामांकन दायर करेंगे, जबकि बिधुड़ी मंगलवार को अपना नामांकन पर्चा भरेंगे। बिधुड़ी ने बीते आम चुनाव में आप के देवेंद्र शेरावत को 1,07,000 मतों से शिकस्त दी थी। गौरतलब है कि दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) ने सभी सातों सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है जबकि कांग्रेस ने अभी अपने प्रत्याशी घोषित नहीं किए हैं।दोनों पार्टियां चुनाव पूर्व गठबंधन को लेकर मशक्कत कर रही थी लेकिन बात बनी नहीं। दिल्ली में 23 अप्रैल को नामाकंन करने का अंतिम दिन है जबकि मतदान 12 मई को है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़