तुष्टिकरण की राजनीति की चैंपियन हैं TMC सुप्रीमो ममता बनर्जी: भाजपा

BJP Said TMC supremo Mamata Banerjee is the champion of appeasement politics
[email protected] । Jun 22 2018 8:39AM

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने आज भाजपा को ‘‘चरमपंथी संगठन’’ बताया जो लोगों को धार्मिक आधार पर बांटने में लगी हुई है।

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने आज भाजपा को ‘‘चरमपंथी संगठन’’ बताया जो लोगों को धार्मिक आधार पर बांटने में लगी हुई है। उन्होंने चुनौती दी कि भाजपा उनकी पार्टी पर हमला करके दिखाए। भगवा पार्टी की आलोचक रहीं ममता ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा राज्य में वोट हिस्सा बढ़ाने के लिए ईवीएम से छेड़छाड़ कर रही है। उन्होंने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से अपील की कि अगले लोकसभा चुनाव की तैयारियां करें क्योंकि इस पर पूरे देश की नजर है। तृणमूल कांग्रेस की विस्तारित कोर समिति की बैठक में उन्होंने कहा, ‘‘हम भाजपा की तरह चरमपंथी संगठन नहीं हैं। वे अहंकारी और असहिष्णु हैं। वे धार्मिक रूप से पक्षपाती हैं। वे मुस्लिमों , ईसाइयों , सिखों को पसंद नहीं करते -- वे हिंदुओं में भी अगड़ी जाति और पिछड़ी जाति के लोगों के बीच भेदभाव करते हैं।’’

भाजपा पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘वे मुठभेड़ की धमकी दे रहे हैं। चूंकि वे दिल्ली में सत्ता में हैं इसलिए वे बम बरसाने की बातें करते हैं। मैं उन्हें चुनौती देती हूं कि आएं और हमें छूकर दिखाएं। हम उन्हें औकात बता देंगे।’’ पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि उनकी पार्टी लोकतंत्र में विश्वास करती है लेकिन तृणमूल कांग्रेस विश्वास नहीं करती। उन्होंने आरोप लगाए कि उसने राज्य में पंचायत चुनावों में निष्पक्ष एवं स्वतंत्र मतदान नहीं होने दिए। घोष ने मंगलवार को कहा था कि अगर उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर तृणमूल कांग्रेस के लोग हमला करते हैं तो वे बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने जवाबी हमले की धमकी दी थी।

भाजपा के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ‘‘तुष्टिकरण की राजनीति की चैंपियन’’ हैं। उन्होंने कहा , ‘‘ ममता बनर्जी तुष्टिकरण की राजनीति की चैंपियन हैं और उनके शासनकाल में राज्य में पूरी तरह अराजकता और अव्यवस्था है।’’ उन्होंने सवाल किया कि ममता बनर्जी कौन होती हैं किसी को ‘ चरित्र प्रमाण पत्र ’ देने वाली । भाजपा नेता ने कहा कि राज्य के लोग अगले चुनाव में उन्हें ‘‘ सबक सिखाएंगे।’’ विजयवर्गीय ने कहा, ‘‘आक्षेप लगाने के बजाए उन्हें इस तथ्य को देखना चाहिए कि राज्य राजनीतिक हत्याओं का गढ़ बन गया है। नैतिक आधार पर उन्हें पद छोड़ देना चाहिए।’’ भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने भी आरोप लगाए कि ममता बनर्जी नीत तृणमूल ‘‘अराजकतावादियों का स्वर्ग’’ बन गया है। उन्होंने कहा , ‘‘ राज्य में कानून - व्यवस्था नहीं है। वहां पूरी तरह अराजकता है। इसलिए पहले अपना घर ठीक कीजिए और फिर दूसरों के बारे में बात कीजिए।’’ 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़