भाजपा ने कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को मध्य प्रदेश में प्रवेश नहीं करने देने की चेतावनी दी

Bharat Jodo Yatra
प्रतिरूप फोटो
ANI

कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के नेता के.के. मिश्रा द्वारा ब्राह्मण समुदाय के बारे में कथित विवादास्पद टिप्पणी पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिश्रा को कांग्रेस से निष्कासित करने की मांग की है। साथ ही ऐसा नहीं करने पर भाजपा ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को मध्य प्रदेश में प्रवेश नहीं करने देने की चेतावनी दी।

कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के नेता के.के. मिश्रा द्वारा ब्राह्मण समुदाय के बारे में कथित विवादास्पद टिप्पणी पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिश्रा को कांग्रेस से निष्कासित करने की मांग की है। साथ ही ऐसा नहीं करने पर भाजपा ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को मध्य प्रदेश में प्रवेश नहीं करने देने की चेतावनी दी। हालांकि, प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मिश्रा ने कहा कि उनकी टिप्पणी को भाजपा ने तोड़-मरोड़ कर पेश किया क्योंकि वे राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को देश में मिल रहे भारी समर्थन से डर गए हैं।

एक स्थानीय मीडियाकर्मी को दिए साक्षात्कार में मिश्रा झाबुआ जिले के पुलिस अधीक्षक के निलंबन और जिला कलेक्टर के हालिया तबादले के संदर्भ में सरकार द्वारा ब्राह्मण अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बारे में एक सवाल का जवाब दे रहे थे, जहां पुलिस अधीक्षक को सुरक्षा की मांग कर रहे छात्रों के खिलाफ फोन पर अभद्र का इस्तेमाल करने पर निलंबित किया गया जबकि कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में शिकायत पर कलेक्टर का तबादला किया गया।

साक्षात्कार में मिश्रा ने कहा कि हालांकि उन्हें ब्राह्मण होने पर गर्व है और वह मानवता को सबसे ऊपर मानते हैं लेकिन ‘‘गलत कामों में लिप्त ....ब्राह्मण का बचाव नहीं कर सकते।’’ जब यह टिप्पणी सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो भोपाल के जिला भाजपा अध्यक्ष सुमित पचौरी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के आवास के सामने विरोध-प्रदर्शन किया और मिश्रा को कांग्रेस से निष्कासित करने की मांग की।

ऐसा नहीं करने की सूरत में प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी की यात्रा को मध्य प्रदेश में प्रवेश नहीं करने की चेतावनी दी। बाद में भाजपा नेताओं ने कमलनाथ के आवास पर उनसे मुलाकात की और मिश्रा को निष्कासित करने की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। कमलनाथ के करीबी सूत्रों ने बताया कि उन्होंने प्रदर्शन कर रहे भाजपा नेताओं से कहा कि वह पूरे मामले की जांच करेंगे और उचित कार्रवाई करेंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़