भाजपा केरल में विश्वसनीय तीसरे विकल्प के रूप में उभरेगी: प्रल्हाद जोशी

Pralhad Joshi

भाजपा एक विश्वसनीय राजनीतिक दल के रूप में केरल में तीसरे विकल्प के रूप में उभरेगी। इस बार का चुनाव दो पक्षीय नहीं होगा। कई स्थानों पर राज्य में त्रिकोणीय मुकाबला है। भाजपा के आंकड़े ना सिर्फ बढ़ेंगे, बल्कि वोट प्रतिशत में भी इजाफा होगा।

नयी दिल्ली। केंद्रीय मंत्री व केरल विधानसभा चुनाव के लिए नियुक्त भाजपा प्रभारी प्रल्हाद जोशी ने सोमवार को दावा किया कि भाजपा राज्य की राजनीति में लंबे समय से प्रभुत्व रखने वाले गठबंधनों, वाम लोकतात्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) से इतर एक मजबूत और विश्वसनीय तीसरे विकल्प के रूप में उभरेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि इस बार के चुनाव में भाजपा की स्थिति में सुधार होगा और उसकी सीटों की संख्या में भी इजाफा होगा। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाले एलडीएफ और कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ पर निशाना साधते हुए भाजपा नेता ने कहा कि ‘‘कौन अधिक भ्रष्टाचार’’ कर सकता है, इस बात को लेकर दोनों गठबंधनों में प्रतिद्वंद्विता है। 

इसे भी पढ़ें: मल्लिकार्जुन खड़गे ने 'मेट्रोमैन' के मुद्दे को लेकर भाजपा पर साधा निशाना, कही यह अहम बात

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की आर्थिक समृद्धि के लिए दोनों गठबंधनों ने कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा, ‘‘केरल की अर्थव्यवस्था अब भी मुख्यत: विदेशों से आने वाले धन पर निर्भर है। एलडीएफ और यूडीएफ ने राज्य के लिए कुछ नहीं किया। भ्रष्टाचार और घोटालों में दोनों ने एक दूसरे को जरूर चुनौती दी।’’ जोशी ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के बारे में कहा कि वे बिल्कुल भी गंभीर राजनीतिज्ञ नहीं हैं। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस डूब रही है और वह (राहुल) राजनीतिक बयानबाजी में व्यस्त हैं। लोगों को अनुभव हो गया है कि वे पार्ट-टाइम (अंशकालिक) राजनीतिज्ञ हैं। उन्हें यह तक पता नहीं है कि मत्स्य मंत्रालय भी है देश में।’’ भाजपा नेता ने दावा किया कि विधानसभा चुनाव में भाजपा अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगी। 

इसे भी पढ़ें: केरल के लोग विभाजनकारी ताकतों को हराएं और अधिनायकावादी नेताओं को खारिज करें: सोनिया

उन्होंने कहा, ‘‘केरल में भाजपा का अपना आधार है जो वैचारिक रूप से भाजपा से जुड़ा हुआ है लेकिन वह भाजपा की जीत को लेकर कभी आश्वस्त नहीं रहा। बहरहाल, अब यह विश्वास जगा है। भाजपा तीसरे विकल्प के रूप में उभरेगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा एक विश्वसनीय राजनीतिक दल के रूप में केरल में तीसरे विकल्प के रूप में उभरेगी। इस बार का चुनाव दो पक्षीय नहीं होगा। कई स्थानों पर राज्य में त्रिकोणीय मुकाबला है। भाजपा के आंकड़े ना सिर्फ बढ़ेंगे, बल्कि वोट प्रतिशत में भी इजाफा होगा।’’ केरल की 150 सदस्यीय विधानसभा के गठन के लिए छह अप्रैल को मतदान होना है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़