गुजरात तट पर भारतीय मछुआरे की हत्या के बाद 10 पाकिस्तानी नौसेना कर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज

Case against 10 Pakistani Navy personnel after Indian fisherman killed

गुजरात मछुआरा गोलीबारी मामले में 10 पाकिस्तानी नौवहन सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।गुजरात के अपतटीय क्षेत्र में अरब सागर में पीएमएसए के कर्मियों ने मछली पकड़ने वाली एक नौका पर शनिवार कोगोली चला दी थी जिसमें चालक दल के एक सदस्य की मौत हो गयी और अन्य एक घायल हो गया।

पोरबंदर। गुजरात पुलिस ने तटीय इलाके में हुई गोलीबारी की घटना में भारतीय मछुआरे की मौत के सिलसिले में ‘पाकिस्तान नौवहन सुरक्षा एजेंसी’ (पीएमएसए) के 10 कर्मियों के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। गुजरात के अपतटीय क्षेत्र में अरब सागर में पीएमएसए के कर्मियों ने मछली पकड़ने वाली एक नौका पर शनिवार कोगोली चला दी थी जिसमें चालक दल के एक सदस्य की मौत हो गयी और अन्य एक घायल हो गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीएमएसए के 10 कर्मियों के खिलाफ पोरबंदर जिले के नवी बंदर पुलिस थाने में रविवार रात भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या), 307 (हत्या का प्रयास) और 114 के अलावा शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

इसे भी पढ़ें: अरुण जेटली और सुषमा स्वराज को मरणोपरांत पद्म विभूषण, इस साल 119 लोगों को किया गया सम्मानित

गौरतलब है कि पोरबंदर जिले की पुलिस का क्षेत्राधिकार गुजरात तट से 12 समुद्री मील से अधिक है। प्राथमिकी के अनुसार 10 अज्ञात पीएमएसए कर्मियों पर शनिवार शाम करीब चार बजे मछली पकड़ने वाली एक भारतीय नाव जलपरी पर गोलीबारी करने का आरोप है, जिसमें महाराष्ट्र के पालघर जिले के मछुआरे श्रीधर रमेश चमरे (32) की मौत हो गई थी। प्राथमिकी के मुताबिक दो नावों पर पीएमएसए के पांच-पांच कर्मी सवार थे। गोलीबारी की इस घटना में दिलीप सोलंकी (34) नामक एक अन्य मछुआरा घायल हो गया। दिलीप दीव का रहने वाला है। उसका गुजरात के देवभूमि द्वारका जिले के ओखा तटीय शहर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। मछली पकड़ने वाली नाव पर चालक दल के सात सदस्य थे। इस बीच, दिल्ली में आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि भारत ने पीएमएसए द्वारा अकारण की गयी गोलीबारी को गंभीरता से लिया है और इस मुद्दे को पाकिस्तान के साथ कूटनीतिक स्तर पर उठाएगा। अधिकारियों ने कहा कि भारतीय नौका जलपरी 25 अक्टूबर को सात मछुआरों के साथ मछली पकड़ने के अभियान पर ओखा से रवाना हुई थी। नौका पर महाराष्ट्र के दो, गुजरात के चार, और दीव (केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली, दमन और दीव) से एक मछुआरा सवार था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़