पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के निधन की अफवाह फैलाने पर मामला दर्ज

Sumitra Mahajan

पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के निधन को लेकर सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों से मचे बवाल के बाद पुलिस ने यहां अज्ञात आरोपी के खिलाफ शुक्रवार को आपराधिक मामला दर्ज किया।

इंदौर (मध्य प्रदेश)। पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के निधन को लेकर सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों से मचे बवाल के बाद पुलिस ने यहां अज्ञात आरोपी के खिलाफ शुक्रवार को आपराधिक मामला दर्ज किया। सर्राफा पुलिस थाने के प्रभारी सुनील शर्मा ने पीटीआई- को बताया कि स्थानीय भाजपा नेता और पूर्व पार्षद सुधीर देड़गे की शिकायत पर यह मामला भारतीय दंड विधान की धारा 188 (किसी सरकारी अधिकारी का आदेश नहीं मानना) के तहत दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया, शिकायतकर्ता ने महाजन (78) के निधन को लेकर सोशल मीडिया पर फैली अफवाह की पोस्ट से जुड़ा एक स्क्रीनशॉट भी हमें सौंपा है।

इसे भी पढ़ें: राजस्थान के राज्यपाल ने मुख्यमंत्री से कोरोना वायरस प्रबंध व्यवस्था के बारे में ली जानकारी

हम साइबर जांच के जरिये पता लगाने की कोशिश करेंगे कि सोशल मीडिया पर इस अफवाह की शुरुआत आखिर किस व्यक्ति ने की थी? थाना प्रभारी ने बताया कि जिला प्रशासन ने सोशल मीडिया पर ऐसे संदेश प्रसारित करने के खिलाफ दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 के तहत रोक लगा रखी है जिनसे समाज और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर विपरीत प्रभाव पड़ता हो। महाजन के स्थानीय समर्थकों में गिने जाने वाले देड़गे ने पुलिस थाने में दर्ज शिकायत में कहा कि 78 वर्षीय भाजपा नेता के निधन की झूठी खबर से जन मानस में गहरा मानसिक क्षोभ उत्पन्न हुआ और इस खबर के खिलाफ आम लोगों की भावनाएं भड़कने और उनकी भीड़ जमा होने की आशंका पैदा हो गई थी। गौरतलब है कि महाजन के निधन की अफवाहों का बाजार बृहस्पतिवार रात इस कदर गर्म हो गया था कि कांग्रेस नेता शशि थरूर और कुछ मीडिया संगठनों तक ने ट्विटर पर महाजन के निधन की गलत जानकारी पोस्ट कर दी थी।

इसे भी पढ़ें: दिल्ली के मैक्स अस्पताल में पहुंचाई गयी ऑक्सीजन, दो घंटे की ही बची थी

भाजपा नेताओं ने जब कहा कि पूर्व लोकसभा अध्यक्ष पूरी तरह स्वस्थ हैं, तो थरूर और अन्य ने अपने ट्वीट हटा लिए थे। इस बीच, थरूर ने शुक्रवार को ट्विटर पर बताया कि उन्होंने महाजन के बेटे से फोन पर बात की है और 78 वर्षीय भाजपा नेता के निधन की गलत जानकारी के ट्वीट के लिए उनसे क्षमा याचना की है। महाजन के निधन की अफवाहों के जोर पकड़ने के बाद उनके छोटे बेटे मंदार महाजन ने बृहस्पतिवार रात वीडियो संदेश जारी कर कहा था कि उनकी मां एकदम स्वस्थ हैं।

मंदार ने लोगों से अपील भी की थी कि वे इन अफवाहों पर ध्यान न दें। महाजन के एक स्थानीय सहयोगी ने बताया कि पूर्व लोकसभा अध्यक्ष को बुधवार शाम बुखार की शिकायत पर शहर के बॉम्बे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। लेकिन इलाज के बाद अब उन्हें बुखार नहीं है और वह आरटी-पीसीआर जांच में कोविड-19 से भी मुक्त पाई गई हैं। उन्होंने बताया कि फिलहाल स्वास्थ्य लाभ ले रहीं महाजन की हालत एकदम ठीक है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़