देश भर में धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया कुर्बानी का त्योहार ईद उल जुहा

celebrated-with-the-religious-zeal-throughout-the-country-celebrating-the-festival-of-idol
[email protected] । Aug 22 2018 7:57PM

मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘ईद उल जुहा की शुभकामनाएं। यह त्योहार हमारे समाज में करुणा एवं भाईचारे की भावना को प्रगाढ़ करे।’’

नयी दिल्ली। देश भर में आज ईद उल जुहा (बकरीद) का त्योहार धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने उम्मीद जताई कि त्याग और कुर्बानी का यह त्योहार समाज में प्रेम एवं करूणा की भावना को मजबूत करेगा। मुस्लिम समुदाय के लोग आज ईदगाहों में उमड़े, नमाज अदा की और एक दूसरे को शुभकामनाएं दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को ईद उल जुहा की शुभकामनाएं दी और उम्मीद जताई कि कुर्बानी का यह त्योहार समाज में करुणा की भावना प्रगाढ़ करेगा। मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘ईद उल जुहा की शुभकामनाएं। यह त्योहार हमारे समाज में करुणा एवं भाईचारे की भावना को प्रगाढ़ करे।’’ 

उपराष्ट्रपति एम वैंकेया नायडू ने भी देशवासियों को ईद उल जुहा की शुभकामनाएं देते हुये उम्मीद जाहिर की कि त्याग और कुर्बानी का यह त्योहार समाज में प्रेम और करुणा की भावना को मजबूत बनायेगा।नायडू ने ट्वीट किया, ‘‘ईद उल अजहा के पाक अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देता हूं। यह त्याग और ईश्वर पर अटूट आस्था एवं विश्वास का पर्व है। आवश्यक है कि समाज ईद उल अजहा के इस अंतर्निहित संदेश को पहचाने और जिए।’’ पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी लोगों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि कुर्बानी का यह त्योहार चीजों को साझा करने और भाईचारे की भावना को मजबूत करेगा। ममता ने ट्वीट किया, ‘‘ईद उल जुहा के मौके पर आइए हम अपने आप को चीजों को साझा करने और भाईचारे की भावना के प्रति समर्पित करें।’’ समूचे राज्य में यह त्योहार धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। 

इस बीच, जम्मू कश्मीर कुछ ईदगाहों के बाहर पथराव की छिटपुट घटनाएं भी दर्ज की गई। हालांकि, पुलिस ने पथराव करने वालों को काबू करने के लिए अत्यधिक संयम का परिचय दिया। ।कश्मीर घाटी के हजरतबल दरगाह में ईद के मौके पर सबसे अधिक संख्या में लोग जमा हुए। एक पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि धार्मिक उल्लास के साथ समूची घाटी में बकरीद मनाई गई। ।उन्होंने बताया कि श्रीनगर, अनंतनाग के जंगलट मंडी और सोपोर जिले में नमाज के बाद बदमाशों द्वारा पथराव किए जाने की छिटपुट घटनाएं भी दर्ज की गई। 

वहीं, उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में लगातार चौथे साल शिया और सुन्नी मुसलमानों ने आज शाहनजफ इमामबाडे़ में सामूहिक रूप से ईद उल जुहा की नमाज पढ़ी। नमाज के बाद ईद मिलन हुआ। इसका आयोजन गैर मुस्लिम स्वयंसेवकों की टीम ने किया था। पूर्व पुलिस महानिदेशक जावीद अहमद और अन्य गणमान्य लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।गौरतलब है कि जब अल्लाह ने पैगंबर के बेटे इस्माइल को बख्श दिया था तब पैगंबर ने एक मेमने की कुर्बानी दी थी, इसी वजह से ईद उल जुहा मनाया जाता है। उधर, वर्षा और बाढ़ के प्रकोप से धीरे-धीरे उबर रहे केरल में बकरीद बिल्कुल सामान्य ढंग से मनायी गयी। 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़