तटरक्षक ने ओडिशा तट पर फंसे छह मछुआरों को बचाया
ओडिशा तट के पास पिछले करीब 24 घंटे से अधिक समय से बीच समु्द्र में फंसे छह मछुआरों को तटरक्षक ने बचा लिया है।
केंद्रपाड़ा। ओडिशा तट के पास पिछले करीब 24 घंटे से अधिक समय से बीच समु्द्र में फंसे छह मछुआरों को तटरक्षक ने बचा लिया है। तटरक्षक के एक अधिकारी ने बताया कि मछली पकड़ने वाला पोत ‘मा रामचंडी’ मछुआरों को लेकर शनिवार को समुद्र में आगे बढ़ा। लेकिन बाद में उसमें कोई तकनीकी खराबी आ गई। पारादीप मछली बंदरगाह के कर्मियों ने मछुआरों के लापता होने के बारे में तटरक्षक को सूचना दी। इस पर बल ने कल तलाश एवं बचाव अभियान शुरू किया। ये मछुआरे केंद्रपाड़ा जिले के रहने वाले हैं।
पारादीप तटरक्षक बल के कमांडेंट बी नाथ महतो ने बताया कि चालक दल के सदस्यों और जहाज को पारादीप तट से करीब 17 समुद्री मील की दूरी पर कल देखा गया था। उन्होंने बताया कि मछली पकड़ने वाला जहाज समुद्र में दिशाहीन तरीके से आगे बढ़ रहा था। समुद्र में प्रतिकूल परिस्थतियां रहने से जहाज फंस गया। तटरक्षक बल के अधिकारी ने कहा कि तेज हवाएं चलने की वजह से चालक दल के सदस्यों के लिए परिस्थति और मुश्किल भरी हो गई। उन्होंने बचाव अभियान के बाद जहाज को कल सुरक्षित हुकितोला बंदरगाह लाया।
अन्य न्यूज़