अगर संख्या है तो कल ही बहुमत साबित करें येदियुरप्पा: कांग्रेस

Congress challenges Yeddyurappa
[email protected] । May 17 2018 7:33PM

कर्नाटक में सरकार गठन से जुड़े मामले की उच्चतम न्यायालय में सुनवाई से एक दिन पहले कांग्रेस ने आज भाजपा को चुनौती दी कि अगर उसके पास जादुई आंकड़ा है तो वह कल ही विधानसभा में बहुमत साबित करके दिखाए।

नयी दिल्ली। कर्नाटक में सरकार गठन से जुड़े मामले की उच्चतम न्यायालय में सुनवाई से एक दिन पहले कांग्रेस ने आज भाजपा को चुनौती दी कि अगर उसके पास जादुई आंकड़ा है तो वह कल ही विधानसभा में बहुमत साबित करके दिखाए। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने आज संवाददाताओं से कहा, 'अमित शाह और भाजपा लोकतंत्र के बारे में प्रवचन दे रहे हैं, जबकि उन्होंने खुद ही कर्नाटक में लोकतंत्र का गला घोंट दिया। हम नरेंद्र मोदी, अमित शाह और येदियुरप्पा को चुनौती देते हैं कि आप कल ही विधानसभा में बहुमत साबित करिए।' सुरजेवाला ने कहा कि इस देश में एक संविधान और एक कानून ही होगा। अगर सबसे बड़ी पार्टी का तर्क भाजपा के लोग दे रहे हैं तो सबसे पहले बिहार, गोवा और मणिपुर की सरकारों को इस्तीफा दे देना चाहिए। 

उन्होंने आरोप लगाया कि कर्नाटक में कांग्रेस और जदएस विधायकों को तोड़ने के लिए भाजपा सभी हथकंडे अपना रही है, लेकिन उसे सफलता नहीं मिल रही है। ऐसे में वह हताश और निराश है। येदियुरप्पा को आज राज्यपाल ने मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। कल रात उच्चतम न्यायालय ने येदियुरप्पा के शपथ ग्रहण पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था। राज्यपाल वजुभाई वाला ने कल येदियुरप्पा को सरकार बनाने का न्यौता दिया था। इसके बाद रात में ही कांग्रेस ने शीर्ष अदालत का दरवाजा खटखटाया था। गौरतलब है कि राज्य में किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। ऐसे में प्रदेश की 224 सदस्यीय विधानसभा में 222 सीटों पर हुए चुनाव में भाजपा को 104, कांग्रेस को 78 और जदएस+ को 38 सीटें मिली हैं। फिलहाल, बहुमत के लिए जादुई आंकड़ा 112 है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़